412 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट: पहले जीएम ने बंद कराया काम, अब चेयरमैन बोले- फिर शुरू होगा - Indore News

Published on 8 सित॰ 2026

स्टेशन री-डेवलपमेंट को रेलवे ने बना दिया मजाक, 15 महीने में महज 8 फीसदी काम सिंहस्थ तक तैयार होना मुश्किल

.

इंदौर रेलवे स्टेशन के 412 करोड़ रुपए के री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का रेलवे ने मजाक बनाकर रख दिया है। ढाई महीने में रेलवे के दो बड़े अधिकारियों के दौरे हुए और दोनों बार प्रोजेक्ट को लेकर अलग-अलग फैसले सामने आए। जुलाई के पहले सप्ताह में पश्चिम रेलवे के जीएम रामाश्रय पांडेय ने री-डेवलपमेंट का काम सिंहस्थ के बाद शुरू करने की बात कही थी।

अब रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के इंदौर दौरे में काम दोबारा शुरू करने की बात कही गई। मामले में रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, आगे क्या करना है, क्या नहीं, कुछ भी तय नहीं है। ऊपर से जो भी निर्णय होगा, हम उसका पालन करेंगे। सिंहस्थ तक वैसे भी काम पूरा नहीं होगा।

री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का कॉन्ट्रैक्ट दिसंबर 2024 में हुआ था और अप्रैल 2025 से काम शुरू हुआ। करीब 15 महीने में केवल 8 प्रतिशत काम ही पूरा हो सका है। काम की रफ्तार शुरू से बेहद धीमी रही और यह केवल पार्सल ऑफिस व जीआरपी के आसपास के हिस्सों तक ही सीमित रहा।

रेलवे इसे रिव्यू करे रेलवे को पूरे मामले में रिव्यू करना चाहिए। फिलहाल यार्ड रिमॉडलिंग का काम करना चाहिए जो सबसे जरूरी है। स्टेशन री-डेवलपमेंट की मौजूदा स्थिति पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रेलवे के अलग-अलग स्तरों पर फैसलों में तालमेल नहीं है? टीही टनल समेत इंदौर-दाहोद प्रोजेक्ट का कॉन्ट्रैक्ट शॉर्ट टर्मिनेट करना भी बड़ी गलती साबित हुआ था। यही कारण है कि करीब तीन किलोमीटर लंबी टनल का काम सात साल बाद भी पूरी तरह पूरा नहीं हो सका है।- नागेश नामजोशी, रेलवे एक्सपर्ट

2 जुलाई : जीएम ने यह कहा था पश्चिम रेलवे के जीएम रामाश्रय पांडेय ने इंदौर दौरे पर कहा था कि स्टेशन री-डेवलपमेंट का काम अब सिंहस्थ-2028 के बाद किया जाएगा। रेलवे सिंहस्थ के बाद नए शास्त्री ब्रिज, री-डेवलपमेंट और यार्ड रिमॉडलिंग का काम एक साथ करेगा। काम रोकने के पीछे तर्क था- रेलवे ने पहले जो प्लान बनाया था, वह वर्तमान शास्त्री ब्रिज के हिसाब से तैयार किया गया था। अब नया ब्रिज मंजूर होने से सारी प्लानिंग बदली जाएगी। रेलवे पहले शास्त्री ब्रिज बनाएगा, क्योंकि इससे स्टेशन के कर्व खत्म होंगे। री-डेवलपमेंट और शास्त्री ब्रिज का काम सिंहस्थ तक पूरा होना मुश्किल था, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती।

री-डेवलपमेंट काम फिर से शुरू होगा री-डेवलपमेंट का काम अब फिर से शुरू होगा। सिंहस्थ तक जितना काम हो सकेगा, वह होगा। सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में लोग आएंगे, उस दौरान काम बंद रहेगा। - शंकर लालवानी, सांसद