मुरैना : कचरा डालने के विवाद में महिला को पेड़ से बांधकर पीटा, बचाने आए बेटे पर भी हमला, 5 पर FIR| Navbharat Live

Published on 2 अग॰ 2026

विज्ञापन

सार

Morena Viral Video : मुरैना के बलालपुर गांव में घूड़े पर गोबर डालने के विवाद में महिला को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। बचाने आए बेटे के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने 5 आरोपियों पर FIR दर्ज की।

Morena Woman Tied To Tree

महिला को पेड़ से बांधकर पीटा (फोटो सोर्श- नवभारत)

विस्तार

Morena Woman Tied To Tree: मुरैना जिले के निरार थाना क्षेत्र में घूड़े पर गोबर डालने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बलालपुर गांव में एक महिला को पहले घर से घसीटकर बाहर लाया गया, फिर पेड़ से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बलालपुर गांव निवासी सीमा कुशवाह अपने घर के पास बने घूड़े पर मवेशियों का गोबर डालने गई थी। इसी दौरान परिवार की ही महादेवी ने जमीन को अपनी बताते हुए वहां गोबर डालने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

घर से घसीटकर पेड़ से बांधा

आरोप है कि महादेवी ने अपने पति राजेंद्र, बेटे कमल सिंह, बहू नीतू और रूमाली को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर सीमा कुशवाह के घर में घुसकर मारपीट की। आरोपियों ने महिला को घर से घसीटकर बाहर निकाला और पेड़ से बांध दिया। इसके बाद डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सम्बंधित ख़बरें

मां को बचाने पहुंचे बेटे को भी पीटा

जब सीमा कुशवाह का बेटा अपनी मां को बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। हमले में वह घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पांच आरोपियों पर केस दर्ज

बताया जा रहा है कि पीड़िता और आरोपी महिलाएं आपस में रिश्ते में देवरानी-जेठानी हैं। निरार थाना पुलिस ने सीमा कुशवाह की शिकायत पर महादेवी, राजेंद्र, कमल सिंह, नीतू और रूमाली के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें : मुरैना जिला अस्पताल से भागने की कोशिश नाकाम, कैदी वार्ड का गेट तोड़कर फरार हुआ बंदी, डॉक्टर्स ने दबोचा

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में पुलिस

निरार थाना प्रभारी रामकुमार गौतम ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।

Follow Navbharatlive whatsapp