Published: Friday, July 24, 2026, 16:12 [IST]
8th Pay Commission Update: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट और सैलरी में बढ़ोतरी का इंतजार है। इसी बीच आयोग की ओर से एक नया अपडेट सामने आया है। इससे लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर कुछ हद तक विराम लगा है। 10 जुलाई 2026 को कोलकाता में बैठक के बाद करीब 15 दिनों तक आयोग की तरफ से कोई बड़ा अपडेट नहीं आया था। इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच यह सवाल उठने लगा था कि क्या आयोग का काम धीमा हो गया है।
अब 23 जुलाई को जारी सरकारी नोटिफिकेशन में आयोग ने अपनी आगे की बैठकों का शेड्यूल बताया है। साथ ही देशभर के कर्मचारी संगठनों और यूनियनों से मिलने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई है। आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त और 10 अगस्त 2026 को दिल्ली में रजिस्टर्ड केंद्रीय सरकारी कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। इन बैठकों में कर्मचारी संगठन सीधे आयोग के सामने अपनी मांग और सुझाव रख सकेंगे।
जो संगठन अब तक आयोग से मिलने के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए हैं, वे 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या NIC के फॉर्म लिंक के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन के लिए पहले जमा किए गए ज्ञापन की Unique Memo ID भी जरूरी होगी।
ये भी पढ़ें: 8th Pay Commission: HRA और फिटमेंट फैक्टर पर टिकी केंद्रीय कर्मचारियों की नजर, कितनी बढ़ सकती है सैलरी?
अलग-अलग राज्यों में भी होगी बैठक
आयोग सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा। नोटिफिकेशन के मुताबिक, देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी कर्मचारी संगठनों और यूनियनों के साथ बैठकें की जाएंगी। इसका मकसद अलग-अलग क्षेत्रों के कर्मचारियों की मांगों और सुझावों को सीधे सुनना है। इस अपडेट पर ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पिछले 10-12 दिनों से कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच आयोग के काम में देरी को लेकर चिंता थी। उनका कहना था कि आयोग की चेयरपर्सन रंजना प्रकाश देसाई को अन्य जिम्मेदारियां मिलने के कारण रिपोर्ट में देरी की आशंका जताई जा रही थी।
उन्होंने बताया कि संगठन ने आयोग और केंद्र सरकार से पहले ही अपील की थी कि अतिरिक्त जिम्मेदारियों के बावजूद वेतन आयोग के काम में देरी नहीं होनी चाहिए। अब बैठक का शेड्यूल जारी होने पर उन्होंने आयोग और सरकार का धन्यवाद किया और जल्द रिपोर्ट सौंपने की मांग दोहराई।
अब तक कहां-कहां हुई बैठक?
8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था। इसके बाद आयोग की पहली बैठक 24 अप्रैल 2026 को देहरादून में हुई। आगे आयोग ने दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर और कोलकाता समेत कई जगहों पर बैठकें कीं। इन बैठकों में कर्मचारी संगठनों और यूनियनों ने वेतन, भत्तों और अन्य मांगों को लेकर अपने सुझाव आयोग के सामने रखे हैं।
ये भी पढ़ें: 8वें वेतन आयोग को लेकर आई बड़ी खबर! सैलरी और पेंशन पर क्या है अपडेट? 10 बड़े सवाल-जवाब