'ड्रग्स माफिया से लड़ने वाले ही सुरक्षित नहीं', पंजाब में एक्टिविस्ट की हत्या पर नितिन नबीन का AAP का हमला

Published on 13 अक्टू॰ 2026

‘ड्रग्स माफिया से लड़ने वाले ही सुरक्षित नहीं’, पंजाब में एक्टिविस्ट की हत्या पर नितिन नबीन का AAP का हमला

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीनImage Credit source: ANI (File Photo)

पंजाब के मानसा में ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि मानसा में ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोट्टा की दिन-दहाड़े हुई हत्या ‘AAP’ सरकार के तहत पंजाब में कानून-व्यवस्था की बेहद खराब हालत को उजागर करती है.

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी ड्रग-मुक्त पंजाब का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन आज जो लोग ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाते हैं, वो खुद ही खतरे में हैं. यह प्रशासन की एक गंभीर विफलता है. अगर ड्रग माफिया से लड़ने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो पंजाब में कौन सुरक्षित है? पंजाब के लोग जवाब और जवाबदेही की मांग करते हैं.

बहस के बाद एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या

दरअसल, एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की एक केमिस्ट की दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि वो दुकान के मालिक से ड्रग्स की बिक्री को लेकर बहस कर रहे थे. इस घटना में झोटा के चार साथी भी घायल बताए जा रहे हैं. परविंदर सिंह झोटा के परिवार और समर्थकों ने डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया है और अंतिम संस्कार से पहले कार्रवाई की मांग की है. उनके पिता ने पंजाब सरकार और स्थानीय AAP विधायक विजय सिंगला पर इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है, हालांकि इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.

ड्रग्स का विरोध करने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता

इस हत्या ने पंजाब में ड्रग्स से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों का विरोध करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर फिर से चिंता पैदा कर दी है. राज्य में नशीले पदार्थों के गलत इस्तेमाल, खासकर युवाओं और परिवारों पर ड्रग्स के असर को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है. यह घटना इस बात पर भी सवाल उठाती है कि ड्रग्स की अवैध बिक्री के आरोपों की जांच कैसे की जाती है और संदिग्ध गलत कामों की जानकारी देने वालों की सुरक्षा कैसे की जा सकती है.

ये भी पढ़ें: डिग्री सिर्फ सर्टिफिकेट नहीं, सपने साकार करने का जरिया है…भगवंत मान ने छात्रों से किया संवाद

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button