Published: Monday, August 3, 2026, 9:04 [IST]
AIIMS Nursing Counselling 2026: एम्स में नर्सिंग की पढ़ाई करने का सपना देख रहे हजारों छात्रों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली ने BSc (ऑनर्स) नर्सिंग 2026 एडमिशन के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रवेश परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब आधिकारिक काउंसलिंग पोर्टल पर जाकर अपनी पसंद के AIIMS संस्थानों का चयन कर सकते हैं।
वहीं, MSc Nursing के उम्मीदवारों के लिए भी काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। सभी अभ्यर्थियों को तय समय के भीतर अपनी पसंद भरकर उन्हें लॉक करना होगा। एम्स ने साफ किया है कि पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 6 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को आगे की प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
शुरू हुई चॉइस फिलिंग प्रक्रिया
एम्स की काउंसलिंग में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन आईडी, पासवर्ड और रजिस्ट्रेशन यूनिक कोड (RUC) की मदद से लॉगिन करना होगा। इसके बाद वे अपनी पसंद के AIIMS संस्थानों का चयन कर सकते हैं और उन्हें अपनी प्राथमिकता के अनुसार क्रम में रख सकते हैं।
ये भी पढ़ें: NEET UG 2026: अच्छी रैंक के बावजूद क्यों रद्द हो जाता है एडमिशन? काउंसलिंग से पहले चेक कर लें डिटेल
MSc Nursing के उम्मीदवारों को संस्थान चुनने के साथ-साथ अपनी पसंद की स्पेशलाइजेशन भी चुननी होगी। सभी विकल्प भरने के बाद उन्हें अंतिम तारीख से पहले अपनी चॉइस लॉक करनी होगी।
ऐसे पूरी करें प्रक्रिया
- सबसे पहले AIIMS की आधिकारिक परीक्षा वेबसाइट पर जाएं।
- वहां Academic Courses सेक्शन में जाकर BSc (Honours) Nursing या MSc Nursing प्रोग्राम चुनें।
- लॉगिन करने के बाद काउंसलिंग डैशबोर्ड खोलें और चॉइस फिलिंग पेज पर जाकर संस्थानों का चयन करें।
- सभी विकल्पों की अच्छी तरह जांच करने के बाद उन्हें लॉक करें और अंत में कन्फर्मेशन स्लिप डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
6 अगस्त को आएगा पहला सीट अलॉटमेंट
एम्स के मुताबिक, पहले चरण का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 6 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें तय समय के भीतर ऑनलाइन सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और एडमिशन से जुड़ी बाकी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। समय सीमा के अंदर जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर आवंटित सीट रद्द की जा सकती है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
उम्मीदवार चॉइस भरने से पहले सभी AIIMS संस्थानों और उपलब्ध सीटों की जानकारी ध्यान से पढ़ लें। एक बार चॉइस लॉक होने के बाद उसमें बदलाव का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए अंतिम फैसला सोच-समझकर लें। काउंसलिंग से जुड़ी हर नई सूचना केवल AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी, इसलिए किसी भी अफवाह पर भरोसा करने के बजाय नियमित रूप से ऑफिशियल अपडेट देखते रहें।
ये भी पढ़ें: NEET UG Counselling 2026: काउंसलिंग शेड्यूल जारी, कब से कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन?