Apple HomeView Launch: Apple ने भारत में अपना पहला स्मार्ट होम डिस्प्ले Apple HomeView लॉन्च किया है. यह एक ऐसा डिवाइस है, जिसमें स्मार्ट होम कंट्रोल, इंटरटेनमेंट और वीडियो कॉलिंग जैसी सुविधाएं एक साथ मिलती हैं. इसकी कीमत 39,900 रुपये रखी गई है. इसमें 7 इंच की Liquid Retina डिस्प्ले और अपग्रेडेड Siri AI असिस्टेंट दिया गया है. कंपनी का कहना है कि यह डिवाइस घर के अलग-अलग सदस्यों को उनकी जरूरत के हिसाब से पर्सनलाइज्ड एक्सपीरियंस देगा.
Apple HomeView के प्री-ऑर्डर 13 अक्टूबर से शुरू होंगे, जबकि इसकी बिक्री 13 नवंबर से शुरू होगी. यह 4 कलर सिल्वर, स्टारलाइट, रोज पिंक और स्पेस ग्रे में उपलब्ध होगा. कंपनी ने इसे दीवार पर लगाने का विकल्प भी दिया है, जिससे इसे घर के गेट या गलियारे जैसी जगहों पर इस्तेमाल किया जा सकता है.
Apple HomeView में क्या-क्या मिलेगा?
Apple HomeView की सबसे खास खूबियों में से एक इसका नया Siri AI असिस्टेंट है. कंपनी के मुताबिक, इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह यूजर्स की बातों को बेहतर तरीके से समझ सके और ज्यादा नैचुरल जवाब दे सके. यूजर्स इससे सवाल पूछ सकते हैं, गाने सर्च कर सकते हैं और कई तरह की जानकारियां हासिल कर सकते हैं. इसके लिए हर बार आईफोन उठाने की जरूरत नहीं होगी.
अगर इसे Apple Intelligence सपोर्ट करने वाले किसी iPhone या iPad के साथ इस्तेमाल किया जाए, तो Siri AI मैसेज और कैलेंडर जैसे ऐप्स से मिलने वाले जवाब दे सकता है. HomeView एक घर के 6 लोगों को चेहरे की पहचान के जरिए पहचान सकता है. इसके बाद यह हर व्यक्ति के लिए अलग होम स्क्रीन दिखा सकता है, जिस पर उसके ऐप्स और विजेट नजर आएंगे. कंपनी के अनुसार, निजी जानकारी तभी दिखाई जाएगी, जब पहचाना गया व्यक्ति अपने पेयर किए गए iPhone या iPad के साथ पास में हो और वह डिवाइस हाल ही में अनलॉक किया गया हो.

Apple Homeview
वीडियो कॉलिंग, म्यूजिक और खाना बनाने में भी मदद
इस डिवाइस से FaceTime वीडियो कॉल की जा सकती है. यूजर्स मैसेज भेजने और उनका जवाब देने के साथ Apple Music, पॉडकास्ट और सपोर्टेड ऑडियो-वीडियो ऐप्स का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. साउंड के लिए इसमें दो फुल-रेंज ड्राइवर, नीचे की ओर लगा वूफर और पैसिव रेडिएटर्स दिए गए हैं. Apple के अनुसार, इसकी कम्प्यूटेशनल ऑडियो तकनीक आवाज के स्तर के हिसाब से साउंड आउटपुट को रियल टाइम में एडजस्ट करती है, ताकि अलग-अलग वॉल्यूम पर भी आवाज की क्वालिटी बेहतर बनी रहे.
HomeView किचन में भी उपयोगी हो सकता है. इसकी मदद से यूजर्स रेसिपी देख सकते हैं, खाना बनाने के स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं, टाइमर लगा सकते हैं और सामग्री का हिसाब रख सकते हैं. Handoff फीचर के जरिए आईफोन पर चल रहे म्यूजिक को फोन डिस्प्ले के पास लाकर HomeView पर ट्रांसफर किया जा सकता है.
स्मार्ट होम और सिक्योरिटी फीचर्स
Apple HomeView की मदद से यूजर्स स्मार्ट लाइट, थर्मोस्टेट, दरवाजों के लॉक और ब्लाइंड्स को कंट्रोल कर सकते हैं. यह एक साथ 9 कैमरों की लाइव फीड भी दिखा सकता है. इससे घर में पालतू जानवरों, डिलीवरी और आसपास की एक्टिविटी पर नजर रखना आसान हो सकता है. कैमरों और iCloud+ सब्सक्रिप्शन के साथ यह चेहरों, पालतू जानवरों, पैकेज और गाड़ियों से जुड़े अलर्ट भी दे सकता है. इसके अलावा, यह धुएं या कार्बन मोनोऑक्साइड अलार्म की आवाज पहचानकर iPhone, iPad या Apple Watch पर अलर्ट भेज सकता है. कंपनी के अनुसार, डिवाइस में घर के अलग-अलग सदस्यों की निजी जानकारी को अलग रखने के लिए प्राइवेसी सुरक्षा भी दी गई है.
ये भी पढ़ें- कम बजट में iPhone खरीदने का मौका, Amazon Sale में iPhone 16 और iPhone 17e पर मिल रहा डिस्काउंट

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More