Barabanki KGBV Inspection: बालिकाओं संग जमीन पर बैठकर डीएम-एसपी ने किया भोजन, परखी गुणवत्ता - Haribhoomi

Published on 5 सित॰ 2026

बाराबंकी के सिरौली गौसपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महमूदाबाद में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया, 15 बालिकाओं को टेस्टेड चश्मे वितरित किए और जलभराव से निजात के लिए इंटरलॉकिंग सड़क के तत्काल निर्देश दिए।

The DM and SP inspected the arrangements at the Mahmudabad Kasturba Vidyalaya in Barabanki by having

बाराबंकी के महमूदाबाद कस्तूरबा विद्यालय में बालिकाओं संग भोजन कर डीएम-एसपी ने परखी विद्यालय की व्यवस्थाएं (फाइल फोटो)

  • Published: 05 Sep 2026, 07:48 PM IST
  • Last Updated: 05 Sep 2026, 07:48 PM IST

बाराबंकी : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय केजीबीवी महमूदाबाद, सिरौली गौसपुर में शनिवार को उस समय छात्राएं बेहद उत्साहित नजर आईं, जब जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक माहौल, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं के साथ जमीन पर बैठकर दोपहर का भोजन मिड-डे मील किया और भोजन की गुणवत्ता तथा रसोई की स्वच्छता की परख की।

​'हंसता बचपन, खिलता जीवन' के तहत बांटे गए चश्मे

'हंसता बचपन, खिलता जीवन' अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिन्हित की गईं विद्यालय की 15 छात्राओं को टेस्टेड नजर के चश्मे वितरित किए गए। डीएम और एसपी ने अपने हाथों से बालिकाओं को चश्मे सौंपते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी बच्चे की कमजोर दृष्टि उसकी पढ़ाई की राह में रुकावट नहीं बननी चाहिए, इसलिए विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य और दृष्टि जांच अत्यंत आवश्यक है।

​मेधावी छात्राओं का सम्मान और प्रोत्साहन

निरीक्षण के दौरान कक्षा 10 उत्तीर्ण करने वाली पांच मेधावी छात्राओं—तनु, लक्ष्मी, संध्या, लक्ष्मी प्रथम और संध्या प्रथम को प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया और निरंतर लगन व परिश्रम के साथ उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।

​छात्राओं की मांग पर इंटरलॉकिंग सड़क के तत्काल निर्देश

संवाद के दौरान बालिकाओं ने जिलाधिकारी के समक्ष समस्या रखी कि उच्चीकृत एकेडमिक भवन तक जाने वाले रास्ते पर इंटरलॉकिंग नहीं है, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ हो जाता है। डीएम ने बिना किसी विलंब के मौके पर ही ग्रामीण अभियंत्रण विभाग आरईएस के अधिशासी अभियंता को फोन कर एकेडमिक भवन तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि आवासीय परिसर में रहने वाली छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

​इस निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एएसपी मो. आफताब आलम, बेसिक शिक्षा अधिकारी बीएसए नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन ज्योति स्वरूप सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।