Breaking News Live Update 8 Oct: मोबाइल कांग्रेस में मोदी बोले- बैंक, अस्पताल अब फोन में, DBT से ₹5 लाख करोड़ गलत हाथों में जाने से बचे

Published on 8 अक्टू॰ 2026

Breaking News Live Update 8 October : देश-विदेश में आज 8 अक्टूबर की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 8 अक्टूबर  की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।  

  • Oct 08, 2026 13:39 IST

    मोबाइल कांग्रेस में मोदी बोले- बैंक, अस्पताल अब फोन में

    Addressing the India Mobile Congress. It is encouraging to see India's telecom sector steadily moving towards greater self-reliance. https://t.co/tIuohkURIE

    — Narendra Modi (@narendramodi) October 8, 2026

    इंडिया मोबाइल कांग्रेस के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोबाइल और डिजिटल तकनीक के बदलते इस्तेमाल पर बात की। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल फोन सिर्फ बातचीत, गपशप या चैट करने का जरिया नहीं रह गया है, बल्कि यह आम लोगों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने का एक बड़ा माध्यम बन चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि आज बैंकिंग, अस्पतालों और सरकारी दफ्तरों से जुड़ी सैकड़ों सेवाएं मोबाइल फोन के जरिए लोगों तक पहुंच रही हैं। इससे लोगों को छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने या लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत कम हुई है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।

    DBT से सीधे खातों में पहुंचा ₹50 लाख करोड़

    प्रधानमंत्री ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT का उदाहरण देते हुए कहा कि अब तक करीब ₹50 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, DBT व्यवस्था ने बिचौलियों और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था की वजह से करीब ₹5 लाख करोड़ गलत हाथों में जाने से बचाए गए हैं। 

    मोबाइल बना गुड गवर्नेंस का बड़ा जरिया

    पीएम मोदी ने कहा कि भारत में टेलीकॉम का मतलब अब सिर्फ नेटवर्क, स्पेक्ट्रम या इंटरनेट की स्पीड तक सीमित नहीं है। मोबाइल तकनीक अब गुड गवर्नेंस का एक अहम हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाषा और दूरी जैसी कई पुरानी बाधाएं तकनीक की मदद से कम हुई हैं। मोबाइल के जरिए लोगों को कई सरकारी सेवाएं घर बैठे मिल रही हैं। इसका सीधा फायदा आम नागरिकों को मिल रहा है।

    2017 में सिर्फ भारत, अब 100 से ज्यादा देश

    प्रधानमंत्री ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस के सफर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब 2017 में इसका पहला आयोजन हुआ था, तब इसका फोकस मुख्य रूप से भारत पर था। आज इसमें 100 से ज्यादा देश शामिल हो रहे हैं। इस बार इंडिया मोबाइल कांग्रेस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और 6G तकनीक पर खास जोर दिया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और मोबाइल अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ शासन व्यवस्था का भी अहम हिस्सा बन चुका है। 

  • Oct 08, 2026 10:52 IST

    खड़गे ने विपक्षी सांसदों को फिर लंच पर बुलाया

    WhatsApp Image 2026-10-08 at 10.51.45 AM

    कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों को एक बार फिर लंच पर बुलाया है। यह लंच आज दोपहर 1:45 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स में रखा गया है। खास बात यह है कि लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस में लंच का आयोजन किया जा रहा है। खड़गे ने लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों के विपक्षी सांसदों को इस लंच के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने सभी सांसदों से इसमें शामिल होने का अनुरोध किया है। लंच का आयोजन कनॉट प्लेस के K-14, आउटर सर्किल स्थित मोएट्स में होगा।

    कल लंच के बाद जंतर-मंतर पहुंचे थे सांसद

    इससे पहले 7 अक्टूबर को भी मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया था। लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़े थे। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सांसदों को हिरासत में ले लिया था। करीब दो घंटे बाद सभी को रिहा कर दिया गया। अब लगातार दूसरे दिन खड़गे की ओर से लंच के आयोजन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या आज लंच के बाद विपक्षी सांसद एक बार फिर किसी प्रदर्शन या कार्यक्रम का रुख करेंगे। फिलहाल, सभी की नजरें आज होने वाली इस बैठक पर टिकी हैं। 

लेखक