चुनाव आयोग की विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और आयुक्तों के भीतर कथित मतभेदों को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला. राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का एक वीडियो प्ले करने के बाद कहा कि मैं 50 साल से राजनीति में हूं… हर बार सत्ता विरोधी लहर को देखा हूं.. इंदिराजी ने बांग्लादेश बनवाया.. उसके चंद साल उन्हें सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ा.. कांग्रेस और बाकी दलों ने सत्ता विरोधी लहर का सामना किया लेकिन बीजेपी लगातार चुनाव कैसे जीत रही है? महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव में धांधली हुई.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जहां तानाशाही है, वहीं सत्ता विरोधी लहर नहीं है… 2024 के लोकसभा चुनाव और उसके बाद हुए सारे विधानसभा चुनाव में धांधली हुई है… वोट चोरी हर भारतीय के अधिकार का हनन है.. वोट चोरी का मतलब कानून की चोरी है… मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने चुना था… मैंने इस नियुक्ति का विरोध किया था… सरकार ने CEC को कानून से ऊपर रखा… भारत की चुनाव व्यवस्था को CEC ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है… हमारे पास वोट चोरी के सारे सबूत हैं… अगले 6 महीने में सारा पर्दाफाश हो जाएगा… दो चुनाव आयुक्तों ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बोला.
राहुल गांधी ने क्या-क्या है?
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं एक राजनीतिक परिवार से आता हूं और मैंने 50 से ज़्यादा साल एक राजनीतिक परिवार में बिताए हैं… भारत में ‘एंटी-इंकम्बेंसी’ (सत्ता-विरोधी लहर) नाम की एक बुनियादी ताकत है… यह किसी को नहीं छोड़ती… इंदिरा गांधी ने बांग्लादेश युद्ध जीता था, वे अपनी लोकप्रियता के शिखर पर थीं… और फिर अचानक एक-दो साल के भीतर ही ज़बरदस्त सत्ता-विरोधी लहर और भारी दबाव का सामना करना पड़ा… यही बात एक के बाद एक कई नेताओं के साथ होती है… कांग्रेस नेताओं के साथ भी ऐसा हुआ, क्षेत्रीय पार्टियों के साथ भी ऐसा हुआ, लेकिन न जाने क्यों नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बीजेपी के साथ ऐसा कभी नहीं होता.’
‘वोटचोरी से संविधान खत्म करने की साजिश’
राहुल गांधी ने कहा, ‘यह हम सबके लिए एक सवाल है… हम समझ सकते हैं कि कोई आदमी पॉपुलर हो सकता है, लेकिन हमें ये नहीं समझ आता कि भाजपा के समय एंटी इनकेंबेसी गायब हो जाती है…. एंटी इनकंबेसी हर जगह होती है… हम जवाबों की तलाश कर रहे थे… हमें जवाब मिल गया है… वोट देश का फाउंडेशन है… वोट की रक्षा चुनाव आयोग करता है और इससे संविधान को शक्ति मिलती है…. इससे हमारे कानून बनते हैं… कानून से हमारे संस्था इवोल्व होती हैं… वोट को खत्म किया गया यानी संविधान को खत्म किया गया.’
‘6 महीने में सब पर्दाफाश होगा’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘CEC ज्ञानेश कुमार को पीएम मोदी और शाह ने चुना था… अब दो चुनाव आयुक्त कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार वोटिंग सिस्टम में डैमेज के जिम्मेदार हैं… वोट चोरी से कानून चोरी होती है… वोट गया मतलब लॉ मेकिंग सिस्टम गया… अगर वोट चुराया गया है और सांसद संसद में बैठे हैं तो वे कोई भी कानून बनाएंगे, वह गलत होगा… उनके बनाए सभी कानून गैरकानूनी होंगे… मुझे कोई शक नहीं है कि 6 महीने के अंदर आपके सामने ये ब्लैक एंड व्हाइट होगा… हमारे पास सबूत हैं… हम पर्दाफाश करेंगे.’
‘ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार को पीएम मोदी ने नियुक्त किया और उनके खिलाफ लिखे मेरे लेटर पर कोई कार्रवाई इसलिए नहीं हुई, क्योंकि पीएम मोदी-शाह उन्हें बचाते हैं… हमारे पास कई सबूत हैं… हम एक ऐसी जगह पर हैं, जहां इससे पहले कभी नहीं बैठे… भारत में ऐसा पहली बार हुआ है कि देश ऐसे पॉइंट पर आ गया है…. ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए… आप बहुत पढ़े-लिखे हैं… समझिए कि क्या हो रहा है… आपने जो किया है वह भारत के खिलाफ है आपको वोटों की रक्षा करनी चाहिए थी…. इसके अंजाम भुगतने पड़ेंगे… जो लोग इसके जिम्मेदार है उनको आज या कल सजा जरूर मिलेगी.’

विशाल कसौधन
विशाल कसौधन के डिजिटल पत्रकारिता के करीब एक दशक लंबे समय की शुरुआत एनडीटीवी से हुई थी. फिर लाइव इंडिया, इंडिया वॉयस, आजतक होते हुए टीवी9 तक पहुंची है. एनडीटीवी में कंटेंट राइटर, लाइव इंडिया में सब एडिटर, इंडिया वॉयस में सीनियर सब एडिटर और आजतक में चीफ सब एडिटर पद पर काम किया. फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से टीवी9 में बतौर डिप्टी न्यूज एडिटर काम कर रहे हैं और रिटेनर-स्ट्रिंगर कोआर्डिनेशन को देखते हैं. आईडिएशन और कोआर्डिनेशन के साथ ही स्पेशल स्टोरी पर काम करते हैं. विशाल को उत्तर देश की राजनीति और क्राइम पर अच्छी पकड़ है. विशाल ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एंड टेलीविजन जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा किया है. विशाल मूलत: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर के रहने वाले हैं. IIMC में पढ़ाई से पहले खुद का सिटी चैनल चला चुके हैं और कई चैनल के लिए जिला संवाददाता के रूप में काम कर चुके हैं.
Read More