ChatGPT का बड़ा ऐलान: मेडिकल रिकॉर्ड से लेकर एलर्जी तक, अब हेल्थ से जुड़े सवालों के देगा जवाब - Haribhoomi

Published on 24 जुल॰ 2026

ChatGPT का बड़ा ऐलान: Health फीचर हुआ रोल आउट, मेडिकल रिकॉर्ड से लेकर एलर्जी तक देगा सवालों के जवाब

ChatGPT Health Feature: ChatGPT का नया Health फीचर रोल आउट हो गया है। यूजर्स मेडिकल रिकॉर्ड और हेल्थ डेटा कनेक्ट कर एलर्जी, डाइट और सेहत से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे।

ChatGPT Health Feature

ChatGPT का बड़ा ऐलान: मेडिकल रिकॉर्ड से लेकर एलर्जी तक, अब हेल्थ से जुड़े सवालों के देगा जवाब।

  • Published: 24 Jul 2026, 04:05 PM IST
  • Last Updated: 24 Jul 2026, 04:05 PM IST

OpenAI ने ChatGPT के Health फीचर का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी अब अमेरिका में ChatGPT इस्तेमाल करने वाले सभी लॉग-इन यूजर्स के लिए यह सुविधा उपलब्ध करा रही है। यह फीचर Free, Go, Plus और Pro प्लान पर मिलेगा। इसकी मदद से यूजर्स स्वास्थ्य से जुड़े सवाल पूछने के साथ अपनी हेल्थ से जुड़ी जानकारी और मेडिकल रिकॉर्ड भी ChatGPT से जोड़ सकेंगे।

जनवरी में शुरू हुई थी ChatGPT Health की टेस्टिंग
OpenAI ने इस साल जनवरी की शुरुआत में ChatGPT के अंदर एक अलग Health सेक्शन की टेस्टिंग शुरू की थी। इसे खास तौर पर हेल्थ और वेलनेस से जुड़े सवालों के लिए बनाया गया है।

इस फीचर की मदद से यूजर्स Apple Health, Function और MyFitnessPal जैसी सेवाओं से अपनी हेल्थ और फिटनेस से जुड़ी जानकारी ChatGPT में कनेक्ट कर सकते हैं। इसके बाद ChatGPT इस जानकारी को ध्यान में रखकर यूजर के सवालों का जवाब दे सकता है।

मेडिकल रिकॉर्ड भी ChatGPT से जोड़ सकेंगे
ChatGPT Health में यूजर्स अपने मेडिकल रिकॉर्ड भी कनेक्ट कर सकते हैं। इसके लिए Epic और Oracle Health जैसे हॉस्पिटल सिस्टम के साथ One Medical और Function Health जैसे हेल्थ प्लेटफॉर्म का सपोर्ट दिया गया है। यानी अगर यूजर का हेल्थ डेटा या मेडिकल रिकॉर्ड इन सेवाओं पर मौजूद है, तो वह उसे ChatGPT Health से जोड़ सकता है।

ये भी पढ़े-ः Delhi Metro Update: CJP प्रदर्शन के चलते 16 मेट्रो स्टेशन बंद, घर से निकलने से पहले ऐसे चेक करें रूट और स्टेशन स्टेटस

हर हफ्ते 30 करोड़ हेल्थ सवाल पूछ रहे यूजर्स
ChatGPT पर हेल्थ से जुड़े सवालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। OpenAI के मुताबिक, जनवरी में यूजर्स हर हफ्ते करीब 23 करोड़ हेल्थ से जुड़े सवाल पूछ रहे थे। अब यह आंकड़ा बढ़कर करीब 30 करोड़ सवाल प्रति सप्ताह हो गया है।

कंपनी ने टेस्टिंग के दौरान एक और दिलचस्प बात देखी। करीब 70% हेल्थ से जुड़े सवाल यूजर्स ने अलग Health सेक्शन के बजाय सामान्य ChatGPT चैट में पूछे। इसी वजह से अब कंपनी यूजर्स को सामान्य चैट में भी Health सेक्शन से जुड़ी जानकारी इस्तेमाल करने का विकल्प दे रही है।

खाने और एलर्जी जैसे सवालों में भी मिलेगी मदद
नए अपडेट के बाद यूजर अपनी हेल्थ प्रोफाइल से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल सामान्य बातचीत में भी कर सकेगा। उदाहरण के तौर पर, कोई यूजर खाने से जुड़ा सवाल पूछता है तो ChatGPT उसकी पहले से जुड़ी हेल्थ जानकारी या एलर्जी को ध्यान में रखकर जवाब दे सकता है।

ये भी पढ़ेः- Samsung AI Smart Glasses Launch: फोन की जरूरत होगी कम! अब चश्मा करेगा कॉल, पढ़ेगा मैसेज और बताएगा रास्ता ​​​​​​​ 

हालांकि, यूजर को यह तय करने का विकल्प मिलेगा कि वह अपनी Health जानकारी को सामान्य चैट में इस्तेमाल करना चाहता है या नहीं।

OpenAI का दावा- हेल्थ सवालों के जवाब हुए बेहतर
OpenAI का कहना है कि उसके AI मॉडल हेल्थ से जुड़े सवालों का जवाब देने में लगातार बेहतर हुए हैं। कंपनी अपने मॉडल की क्षमता जांचने के लिए HealthBench नाम के ओपन-सोर्स बेंचमार्क का इस्तेमाल करती है।

कंपनी के मुताबिक, उसके नए मॉडल ने HealthBench टेस्ट में पिछली पीढ़ी के मॉडल की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। OpenAI का कहना है कि वह हेल्थ से जुड़े जवाबों को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए डॉक्टरों और मेडिकल एक्सपर्ट्स के साथ भी काम कर रही है।

क्या ChatGPT डॉक्टर की जगह ले सकता है?
नहीं। OpenAI ने साफ किया है कि ChatGPT का इस्तेमाल किसी बीमारी की जांच यानी डायग्नोसिस या इलाज के विकल्प के तौर पर नहीं किया जाना चाहिए। कंपनी का कहना है कि हेल्थ से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद भी यूजर्स को जरूरी जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए और इलाज या दूसरे महत्वपूर्ण मेडिकल फैसले डॉक्टर या योग्य हेल्थ प्रोफेशनल की सलाह के आधार पर ही लेने चाहिए।

यह सावधानी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कई अध्ययनों में AI चैटबॉट्स की मेडिकल सलाह की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ चुके हैं।

मुकदमे के बीच हुआ Health फीचर का रोलआउट
OpenAI का यह ऐलान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका के फ्लोरिडा के एक पादरी ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि ChatGPT ने कथित तौर पर ऐसी सलाह दी थी, जिसमें डॉक्टर से सलाह नहीं लेने की बात कही गई और इससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी।

इस मामले के जवाब में OpenAI ने अपनी शर्तों का हवाला देते हुए कहा है कि उसकी सेवाएं किसी हेल्थ कंडीशन के डायग्नोसिस या ट्रीटमेंट के लिए नहीं बनाई गई हैं। कंपनी का कहना है कि वह हेल्थ और दवाओं से जुड़े जवाबों को ज्यादा सुरक्षित बनाने पर लगातार काम कर रही है।

किन यूजर्स को मिलेगा ChatGPT Health?
Health in ChatGPT का नया अपडेट इस हफ्ते अमेरिका में रोल आउट किया जा रहा है। शुरुआत में यह वेब और iOS पर उपलब्ध होगा। इसका फायदा लॉग-इन किए हुए Free, Go, Plus और Pro प्लान के यूजर्स उठा सकेंगे।

फिलहाल कंपनी ने भारत समेत दूसरे देशों में इसके व्यापक रोलआउट को लेकर इस घोषणा में कोई तारीख नहीं बताई है।