CTET 2026 में इस बार क्या बदला? 6 सितंबर को परीक्षा, Paper-1 और Paper-2 का पूरा पैटर्न जानें

Published on 16 अग॰ 2026

CTET Exam 2026: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 को लेकर अभ्यर्थियों की तैयारी तेज हो गई है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से CTET परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर को ऑफलाइन मोड में किया जाएगा. परीक्षा में अभ्यर्थियों को OMR शीट पर बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे. खास बात यह है कि गलत उत्तर देने पर किसी तरह की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.

CTET में दो पेपर आयोजित किए जाएंगे और दोनों पेपर में 150-150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. परीक्षा की तारीख नजदीक आने के साथ अभ्यर्थी सिलेबस पूरा करने के साथ मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों से तैयारी कर रहे हैं.

कक्षा 1 से 5 तक शिक्षक बनने के लिए Paper-1

कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए अभ्यर्थियों को Paper-1 देना होगा. इसमें कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे. बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1, भाषा-2, गणित और पर्यावरण अध्ययन से 30-30 प्रश्न होंगे.

भाषा-1 और भाषा-2 का चयन अभ्यर्थियों ने आवेदन के दौरान किया है. बिहार के बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी को भाषा के तौर पर चुना है. वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने हिंदी और संस्कृत का विकल्प भी चुना है. गणित और पर्यावरण अध्ययन के प्रश्न प्राथमिक स्तर के पाठ्यक्रम पर आधारित होंगे.

कक्षा 6 से 8 के लिए Paper-2

कक्षा 6 से 8 तक शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों को Paper-2 की परीक्षा देनी होगी. इसमें भी कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे. बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1 और भाषा-2 से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे.

Paper-2 में बाकी 60 प्रश्न अभ्यर्थी द्वारा चुने गए विषय से होंगे. इसके लिए गणित एवं विज्ञान अथवा सामाजिक अध्ययन/सामाजिक विज्ञान में से किसी एक विषय का चयन करना होगा. Paper-2 का सिलेबस मुख्य रूप से कक्षा 6 से 8 के स्तर को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.

गलत जवाब पर नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग

CTET परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित है. गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे. ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए सभी प्रश्नों को ध्यान से हल करना महत्वपूर्ण होगा. परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी इन दिनों मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के जरिए परीक्षा पैटर्न समझने में जुटे हैं.

TRE-4 पर भी अभ्यर्थियों की नजर

CTET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की नजर बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 पर भी है. फिलहाल TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है.

अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि CTET का परिणाम समय पर जारी होने पर परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को TRE-4 की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सकता है.