
देहरादून टी-20 लीग 2026 का पहला सीजन.
Dehradun T20 League 2026: उत्तराखंड के क्रिकेट फैंस के लिए देहरादून टी-20 लीग 2026 का बिगुल बज चुका है. टूर्नामेंट के पहले एडिशन के लिए सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों ने आधिकारिक तौर पर अपने कप्तानों के नामों का ऐलान कर दिया है. 2 सितंबर से 9 सितंबर तक देहरादून की अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में आईपीएल के चमकते सितारों और घरेलू क्रिकेट के अनुभवी सूरमाओं का जलवा देखने को मिलेगा. लीग में गेंदबाजी सनसनी आकाश मधवाल और अनुभवी ऑलराउंडर जगदीशा सुचित जैसी बड़ी हस्तियों को कप्तानी सौंपी गई है.
सभी 6 टीमों के कप्तानों की पूरी लिस्ट
टूर्नामेंट में भाग ले रही छह टीमों ने अपनी कमान अनुभवी और स्थानीय परिस्थितियों से वाकिफ खिलाड़ियों को सौंपी है. मसूरी थंडर की कप्तानी आकाश मधवाल करेंगे. वहीं, हरबर्टपुर नाइटराइडर्स की कमान जगदीशा सुचित के हाथों में होगी. कुणाल चंदेला को विकासनगर धमाका की टीम का कप्तान बनाया गया है. इनके अलावा डोईवाला किंग्स ने अपनी टीम की जिम्मेदारी टीएनआर मोहित को सौंपी है. ऋषिकेश ड्रैगन्स की कमान युवराज चौधरी और सेलाकुई स्ट्राइकर्स की पीयूष जोशी के हाथों में होगी.
लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नवनीत मिश्रा ने सभी कप्तानों पर भरोसा जताते हुए कहा कि उच्च स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों का नेतृत्व मिलना लीग के लिए वरदान साबित होगा. उन्होंने कहा कि आकाश मधवाल और जगदीशा सुचित जैसे खिलाड़ियों के पास आईपीएल और शीर्ष घरेलू प्रतियोगिताओं का लंबा अनुभव है, जबकि कुणाल चंदेला और टीएनआर मोहित स्थानीय पिचों और परिस्थितियों को बखूबी समझते हैं. दबाव की परिस्थितियों में इनके साथ खेलकर उत्तराखंड की उभरती प्रतिभाओं को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा.
टूर्नामेंट का फॉर्मेट और लाइव स्ट्रीमिंग
पहले सीजन में 8 दिनों के अंदर कुल 18 मैच खेले जाएंगे. इस दौरान छह टीमों के बीच राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में 15 लीग मैच होंगे. इसके बाद पॉइंट्स टेबल की टॉप चार टीमों के बीच 8 सितंबर को दो सेमीफाइनल खेले जाएंगे, वहीं 9 सितंबर को खिताबी मुकाबला आयोजित होगा. टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों की एक्सक्लूसिव लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप पर उपलब्ध होगी.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More