Elon Musk को एक ही दिन में लगी $44000000000 की चपत! धड़ाम हुए Tesla और SpaceX के शेयर - India TV Hindi

Published on 23 जुल॰ 2026

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क को एक ही दिन में बड़ा फाइनेंशियल झटका लगा है। टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में तेज गिरावट आने से उनकी संपत्ति में करीब 44.4 अरब डॉलर (करीब 4.2 लाख करोड़ रुपये) की कमी दर्ज की गई। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक अब मस्क की कुल संपत्ति घटकर 745 अरब डॉलर रह गई है। आपको बता दें कि बीते महीने ही एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की वजह से चर्चा में थे, लेकिन अब कंपनी के तिमाही नतीजों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

टेस्ला ने अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे जारी किए, जिनमें कंपनी का रेवेन्यू उम्मीद से बेहतर रहा। इसके बावजूद मुनाफे में गिरावट और कैश फ्लो कमजोर रहने से बाजार ने नतीजों को नकारात्मक माना। नतीजों के बाद आफ्टर-मार्केट ट्रेडिंग में टेस्ला का शेयर करीब 5% तक टूट गया, जबकि नियमित कारोबार में भी इसमें गिरावट दर्ज की गई। साल 2026 में अब तक टेस्ला का शेयर करीब 15% नीचे आ चुका है।

रेवेन्यू बढ़ा, लेकिन मुनाफा घटा

तिमाही के दौरान टेस्ला की कुल आय 28.24 अरब डॉलर रही, जो पिछले साल के मुकाबले 26% ज्यादा है। हालांकि कंपनी की प्रति शेयर कमाई (EPS) 0.33 डॉलर रही, जो बाजार की 0.51 डॉलर की उम्मीद से काफी कम थी। वहीं कंपनी का शुद्ध मुनाफा 5% घटकर 1.11 अरब डॉलर पर आ गया।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स

Image Source : OFFICIAL WEBSITEब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स

मार्जिन और कैश फ्लो ने बढ़ाई चिंता

ऑटोमोबाइल कारोबार से कंपनी की आय बढ़ी, लेकिन प्रति वाहन औसत बिक्री कीमत कम होने से कुल प्रॉफिट मार्जिन घटकर 16.8% रह गया। यह बाजार की उम्मीद से काफी कम है। सबसे बड़ी चिंता कंपनी का निगेटिव फ्री कैश फ्लो रहा, जिसमें इस तिमाही के दौरान 1.1 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई। साथ ही पूंजीगत खर्च (Capex) भी दोगुने से ज्यादा बढ़ गया।

कच्चे माल की महंगाई बनी चुनौती

टेस्ला के एक मुख्य अधिकारी के अनुसार, आने वाले समय में कंपनी के परिचालन खर्च और बढ़ सकते हैं। कच्चे माल की ऊंची कीमतें, ब्याज दरों में उतार-चढ़ाव और बड़े निवेश कंपनी की लागत पर दबाव बनाए रखेंगे। यही वजह है कि निवेशकों ने तिमाही नतीजों के बाद मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिसका असर सीधे एलन मस्क की संपत्ति पर देखने को मिला। फिलहाल बाजार की नजर इस बात पर है कि टेस्ला आने वाली तिमाहियों में मुनाफे और कैश फ्लो को कैसे मजबूत करती है।

यह भी पढ़ें- एलन मस्क के Starlink पर भारत में फिर फंसा पेंच, जानें क्यों लॉन्च में हो रही देरी

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।