Haiwaan First Review: कैसी है अक्षय कुमार की 'हैवान', रिलीज से पहले वायरल हुआ रिव्यू

Published on 10 सित॰ 2026

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ का फर्स्ट रिव्यू सामने आ गया है। डायरेक्टर प्रियदर्शन की फिल्म को डिस्ट्रीब्यूटर्स ने दमदार और मास एंटरटेनर बताया है।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी करीब 18 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। दोनों की अगली फिल्म ‘हैवान’ को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का अडैप्टेशन है। ट्रेलर आने के बाद दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई थी। अब रिलीज से ठीक पहले फिल्म का कथित फर्स्ट रिव्यू सामने आया है, जिसमें कहानी, निर्देशन और अक्षय कुमार के काम को लेकर बड़ा दावा किया गया है। वहीं फिल्म को सेंसर बोर्ड से भी यूए 16+ सर्टिफिकेट मिल चुका है।

‘हैवान’ के फर्स्ट रिव्यू में क्या कहा गया?

एक्स पर वायरल एक पोस्ट में डिस्ट्रीब्यूटर्स के रिएक्शन का दावा किया गया है। पोस्ट के मुताबिक, प्रियदर्शन ने ‘हैवान’ में अपने पिछले मलयालम क्राइम थ्रिलर से भी बेहतर काम किया है। इसमें अक्षय कुमार के सब-प्लॉट को फिल्म के शानदार हिस्सों में से एक बताया गया है, जो कहानी को ज्यादा ‘मासी’ बनाता है। पोस्ट में लिखा है, “प्रियदर्शन ने ‘हैवान’ के साथ खुद को ही पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने इसी जॉनर की अपनी पिछली मलयालम फिल्म से बेहतर और अलग फिल्म बनाई है। अक्षय कुमार का सब-प्लॉट फिल्म में कई शानदार पल लाता है और इसे और भी ज्यादा ‘मासी’ बनाता है।”

‘हैवान’ को सीबीएफसी से कौन सा सर्टिफिकेट मिला?

फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी सीबीएफसी से यूए 16+ सर्टिफिकेट मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रमाणपत्र 8 सितंबर को जारी किया गया। फिल्म का रन टाइम 164 मिनट 7 सेकंड यानी 2 घंटे 44 मिनट 7 सेकंड है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं। सैफ अली खान फिल्म में एक नेत्रहीन किरदार निभा रहे हैं, जबकि अक्षय कुमार को मुख्य विलेन के रूप में पेश किया गया है। यह 2026 में प्रियदर्शन और अक्षय की दूसरी फिल्म भी है।

‘हैवान’ कब और किसने बनाई है?

‘हैवान’ का निर्माण वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।