सड़क और रेल हादसे : हिसार में ईंटों से भरी ट्रॉली में घुसी कार, 2 की जान गई, यमुनानगर में ट्रेन से कटे मामा-भांजे - Haribhoomi

Published on 21 अग॰ 2026

Haryana Road And Rail Accidents : हिसार में ईंटों से भरी ट्रॉली में घुसी कार, 2 की जान गई, यमुनानगर में ट्रेन से कटे मामा-भांजे

हिसार के बरवाला-अग्रोहा मार्ग पर भीषण टक्कर में भिवानी के दो लोगों ने दम तोड़ा, तो वहीं यमुनानगर में मां को स्टेशन पर बैठाकर खाना लेने निकले मामा-भांजे रेलवे ट्रैक पर बीकानेर एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

Road and Train Accident

हिसार में ईंटों से भरी ट्रॉली में टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त कार व यमुनानगर में ट्रेन से कटने वाले मामा-भांजे।

  • Published: 21 Aug 2026, 06:23 PM IST
  • Last Updated: 21 Aug 2026, 06:25 PM IST

हरियाणा के दो अलग-अलग जिलों से शुक्रवार को दिल दहला देने वाले सड़क और रेल हादसों की खबरें सामने आई हैं। हिसार में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण भिड़ंत में दो लोगों की जान चली गई। वहीं यमुनानगर में खाना लेने निकले मामा-भांजे रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए और दोनों के शरीर क्षत-विक्षत हो गए।

ईंटों से लदी ट्रॉली से टकराई ऑल्टो, 2 की मौत व 3 घायल
हिसार जिले के बरवाला-अग्रोहा मार्ग पर बालक चोपटा के पास शुक्रवार दोपहर एक भयानक सड़क हादसा घटित हुआ। ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अग्रोहा दिशा की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। 
कार में कुल 5 लोग सवार थे, जो भिवानी जिले के सिवानी उपमंडल स्थित बड़वा गांव के रहने वाले थे। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण एक महिला और एक पुरुष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए घायल
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों और पुलिस टीम ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन अन्य यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और बरवाला पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

मां को स्टेशन पर छोड़ खाना लेने गए मामा-भांजे, बीकानेर एक्सप्रेस से कटे
यमुनानगर में एक बेहद दुखद रेल हादसा सामने आया है। बिहार के दरभंगा निवासी मोहम्मद मुराद (31) और उनका भांजा करनाल छप्पर निवासी मोहम्मद अफजल (19) अपनी बुजुर्ग मां बेगम खातून को यमुनानगर रेलवे स्टेशन पर बैठाकर खाना लेने निकले थे। मुराद 6 बच्चों का पिता था। बिहार जाने वाली ट्रेन के इंतजार के दौरान मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर वे अपने दोस्त मैक्स के साथ पश्चिमी यमुना नहर पर बने रेलवे ब्रिज से गुजर रहे थे।

दोस्त ने छलांग लगाकर बचाई जान, मामा-भांजे की मौके पर मौत
जब तीनों रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी पीछे से बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। खतरे को देखते ही मैक्स ने तुरंत पुल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन मुराद और अफजल ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना खौफनाक था कि मुराद का चेहरा दो हिस्सों में बंट गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। लगभग दो घंटे तक इंतजार करने के बाद लहूलुहान हालत में पहुंचे मैक्स ने बेगम खातून को हादसे की जानकारी दी।

जीआरपी थाना के जांच अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल से क्षत-विक्षत शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं।