IAS तुकाराम मुंढे ने शाहरुख, अजय और टाइगर श्रॉफ को दी वॉर्निंग: पान मसाला एड करने पर बोले- 'स्टार हैं तो क्या, कानून तो...' - Haribhoomi

Published on 18 सित॰ 2026

पान मसाला विज्ञापन विवाद में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कमिशनर तुकाराम मुंढे ने सख्त रुख अपनाया है।

Tukaram Mundhe Warns Shah Rukh Khan, Ajay Devgn, Tiger Shroff over Pan Masala ad

शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को पान मसाला एड को लेकर कानूनी नोटिस मिला है।

  • Published: 18 Sep 2026, 02:25 PM IST
  • Last Updated: 18 Sep 2026, 04:05 PM IST

Shahrukh Khan pan masala ad controversy: पान मसाला विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड सितारे शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने तीनों कलाकारों को लेकर सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कलाकारों को सितारों के तौर पर नहीं, बल्कि विज्ञापन करने वाले लोगों के रूप में देखा जा रहा है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

‘स्टार नहीं, विज्ञापनदाता के तौर पर देख रहा हूं’
तुकाराम मुंढे ने हाल ही में NDTV से बातचीत के दौरान इस मामले पर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि किसी कलाकार की लोकप्रियता उसे कानून से अलग नहीं करती। मुंढे ने कहा- "आपके हिसाब से वे भले ही स्टार हों, लेकिन मेरे हिसाब से इस मामले में वे सिर्फ़ विज्ञापन करने वाले हैं। इसलिए मैं उन्हें कानून तोड़ने वालों के तौर पर देख रहा हूं और कानून अपना काम करेगा। इसीलिए हमने कार्रवाई शुरू कर दी है।"

क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने अगस्त 2026 में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस भेजा था।

विभाग को आशंका है कि इलायची के विज्ञापन के जरिए विमल पान मसाला का अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार किया जा सकता है। महाराष्ट्र में पान मसाला पर प्रतिबंध होने के कारण इस विज्ञापन को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आपत्ति जताई है।

विभाग के नोटिस में कहा गया था कि पहली नजर में यह विज्ञापन विमल ब्रांड का प्रचार करता हुआ दिखाई देता है, जिसका संबंध पान मसाला उत्पाद से भी है।

अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने दिया जवाब
मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से भेजे गए नोटिस का जवाब दे दिया है। वहीं, शाहरुख खान की ओर से जवाब मिलने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं बताई गई है।

तुकाराम मुंडे ने कहा कि जिस मामले में जवाब नहीं मिला है, उसमें विभाग ने कानूनी प्रक्रिया के अगले चरण पर आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

विमल के विज्ञापन में साथ नजर आए थे तीनों कलाकार
शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ विमल इलायची के विज्ञापन में साथ नजर आए थे। इसी विज्ञापन को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कथित अप्रत्यक्ष विज्ञापन के पहलू की जांच शुरू की है।