सोनीपत में ICCC परियोजना की समीक्षा बैठक: तकनीकी पहलुओं पर चर्चा, पुलिस आयुक्त ममता सिंह बोलीं- मजबूत होगी कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था - Gohana News

Published on 22 जुल॰ 2026

सोनीपत पुलिस आयुक्त ममता सिंह की अध्यक्षता में पुलिस आयुक्त कार्यालय, राई, सोनीपत में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) की स्थापना के लिए तैयार की जा रही ड्राफ्ट डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

.

इस बैठक में परियोजना के पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न तकनीकी और परिचालन पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने आवश्यक सुझाव और अनुशंसाएं प्रस्तुत कीं।

बैठक के दौरान शहर की निगरानी व्यवस्था को अत्याधुनिक तकनीक से सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। इसमें वर्तमान सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क का एकीकरण और नए हाई-रिजॉल्यूशन सर्विलांस कैमरों की स्थापना जैसे बिंदु शामिल थे।

बॉडी वॉर्न कैमरा सिस्टम पर चर्चा

इसके अतिरिक्त, फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS), ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR), रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन (RLVD) और स्पीड वॉयलेशन डिटेक्शन (SVD) जैसी प्रणालियों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

अत्याधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम, AI/ML आधारित वीडियो एनालिटिक्स, बॉडी वॉर्न कैमरा सिस्टम और डायल-112 आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली के साथ एकीकृत संचालन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य शहर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत करना है।

सोनीपत में मीटिंग लेतीं पुलिस आयुक्त ममता सिंह।

सोनीपत में मीटिंग लेतीं पुलिस आयुक्त ममता सिंह।

स्मार्ट सिटी सेवाओं के लिए तैयार होगा प्लेटफॉर्म

बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) शहर में सर्विलांस, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन, सार्वजनिक सुरक्षा, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा अन्य स्मार्ट सिटी सेवाओं के लिए एक केंद्रीकृत प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन एवं संचालन में पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, विशेषकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, सार्वजनिक सुरक्षा तथा त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया के क्षेत्रों में।

सुरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के सुझाव दिए

बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने ड्राफ्ट DPR के विभिन्न प्रावधानों पर अपने सुझाव एवं तकनीकी अनुशंसाएं प्रस्तुत कीं, ताकि परियोजना को भविष्य की आवश्यकताओं एवं आधुनिक तकनीकों के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। पुलिस विभाग द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा विभिन्न सुरक्षा प्रणालियों के बेहतर समन्वय को प्राथमिकता देते हुए अपने सुझाव साझा किए गए।

मीटिंग में मौजूद अधिकारी।

मीटिंग में मौजूद अधिकारी।

इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था : ममता सिंह

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के स्थापित होने से शहर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। आधुनिक तकनीक की सहायता से अपराधों की रोकथाम एवं अनुसंधान को गति मिलेगी, यातायात प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं स्मार्ट शहरी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। यह परियोजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सोनीपत को एक सुरक्षित एवं तकनीक-सक्षम शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।