इंडियन इंस्टीट्यूट आफ इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) रांची हॉस्टल में बीते दिनों एक स्टूडेंट की हुई मौत को लेकर बवाल जारी है. मंगलवार तीसरे दिन स्टूडेंट्स ने IIIT रांची कैंपस में प्रदर्शन किया तो वहीं मंगलवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने स्टूडेंट की मौत मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने घटना का संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो घटना की परिस्थितियों और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी.
आइए, विस्तार से जानते हैं कि कमेटी में कौन-कौन शामिल है. जानते हैं कि IIIT रांची में इस मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स की मांगें क्या है.
डीयू प्रोफेसर रजनी अब्बी करेंगी कमेटी की अध्यक्षता
IIIT रांंची के स्टूडेंट की मौत मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय कमेटी की अध्यक्षता दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी करेंगी. वहीं समिति में एक वरिष्ठ मनोचिकित्सक और शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होंगे. IIITरांची सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत स्थापित संस्थान है.
ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपाय सुझाएगी कमेटी
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की तरफ से गठित कमेटी कोघटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करने और संबंधित दिशानिर्देशों के कार्यान्वयन का आकलन करने का दायित्व सौंपा गया है. इसमें विशेष रूप से बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता एवं कार्यप्रणाली, संस्थागत सहायता प्रणालियों, परामर्श एवं मार्गदर्शन की व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों की शिकायतों के निवारण तंत्र की समीक्षा की जाएगी. समिति व्यवस्था से जुड़ी किसी भी कमी की पहचान करेगी और विद्यार्थियों के कल्याण को मजबूत करने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित उपाय सुझाएगी. समिति आवश्यकता के अनुसार संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी तथा प्रासंगिक अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच करेगी.
प्रर्दनकारी स्टूडेंट्स डायरेक्टर को हटाने की मांग कर रहे हैं
IIIT रांची में स्टूडेंट की मौत का मामला सामने आने के बाद से बाकी स्टूडेंट्स ने मोर्चा खोल दिया है, जिनका प्रदर्शन मंगलवार तीसरे दिन भी जारी रहा.प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स IIIT रांची के निदेशक को हटाने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स का आरोप है कि प्रशासन की तरफ से मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में लापरवाही बरती जा रही है और शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है. इसको लेकर प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स बैनर पोस्टर लगाकर निदेशक को हटाने की मांग कर रहे हैं.
क्या है पूरा मामला
IIIT रांचीकंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) के फर्स्ट ईयर के छात्र आदित्य कुमार की मौत का मामला बीते दिनों हुआ था, जिसे कथित सुसाइड माना जा रहा है. आदित्य के साथियों का कहना है कि शनिवार को वह हॉस्टल के कमरे में अंदर था. उसके रूम पार्टनर ने दरवाजा खोलने को कहा तो कई प्रयास के बाद दरवाजा खोला गया, जहां छात्र मृत अवस्था में था. स्टूडेंट्स के मुताबिक आदित्य को तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन कैंपस में चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी. साथ ही स्टूडेंट्स ने घटना के वक्त बिजली बाधित होने, हॉस्टल की लिफ्ट काम नहीं करने और आपातकालीन वाहन मिलने में देरी की शिकायत की है.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More