IIT Delhi Student Suicide: दिल्ली स्थित IIT कैंपस में शनिवार सुबह 31 वर्षीय M.Sc फिजिक्स के छात्र की मौत से सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक, छात्र ने IIT दिल्ली के लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से छलांग लगा दी. घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए किशनगढ़ थाना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र को IIT दिल्ली कैंपस के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, मृतक IIT दिल्ली के M.Sc फिजिक्स विभाग का छात्र था. शुरुआती जांच में पता चला है कि वह सुबह करीब 8 बजे IIT दिल्ली के मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ था. इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया. कुछ देर बाद उसने कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी.
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम और FSL को बुलाया. दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में फिलहाल गिरने से लगी चोटों के अलावा शरीर पर किसी अन्य तरह की चोट के निशान सामने नहीं आए हैं.
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. छात्र की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. अब पुलिस मोबाइल फोन और उसमें मौजूद डेटा की जांच कर रही है. कानूनी प्रक्रिया के तहत फोन से छात्र की हालिया गतिविधियों और संपर्कों से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी.
जांच में जुटी पुलिस
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना से पहले छात्र की किसी व्यक्ति से बातचीत हुई थी या नहीं और हाल के दिनों में उसके साथ ऐसा कोई घटनाक्रम हुआ था, जिसका इस घटना से संबंध हो सकता है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना के कारणों का स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

पुनीत कुमार शर्मा
स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट ( क्राइम ) और लेखक। 11 साल से बदस्तूर जारी पत्रकारिता की शुरुआत 2010 में आजतक से बतौर क्राइम रिपोर्टर। 2015 से दिल्ली आजतक में एंकर की ज़िम्मेदारी भी निभाई। 11 साल लगातार आजतक में रिपोर्टिंग करने के बाद फिलहाल स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट के तौर पर टी वी9 भारतवर्ष में सफ़र जारी। इसके अलावा " अनचाही रिपोर्टिंग, अनचाहा " सफ़र नाम की किताब लिखी.
Read More