
केशारा नुवांता का गजब डेब्यू. (फोटो- PTI)
Keshara Nuwantha, IND vs SL 1st Test: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने पहले दिन 288 का विशाल स्कोर बनाकर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी. दूसरे दिन भी जब श्रीलंकाई गेंदबाज विकेट के लिए तरसते नजर आ रहे थे, तब अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे 25 साल के युवा ऑफ-स्पिनर विथानावासम केशारा नुवांता ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया. नुवांता ने लगातार दो बड़े झटके देकर भारतीय खेमे को हैरान कर दिया.
ऋषभ पंत बने पहला इंटरनेशनल शिकार
पारी के 81वें ओवर में केशारा नुवांता ने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला विकेट हासिल किया. आक्रामक अंदाज में खेल रहे ऋषभ पंत ने नुवांता की फ्लाइटेड गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद की पिच तक नहीं पहुंच सके. गेंद बल्ले के बाहरी हिस्से पर लगकर हवा में ऊंची उठ गई और डीप मिड-ऑफ पर फील्डर ने डाइव लगाते हुए शानदार कैच लपका. इस तरह पंत पवेलियन लौटे और नुवांता को उनका ऐतिहासिक पहला टेस्ट विकेट मिला.
टर्न और बाउंस के जाल में फंसे केएल राहुल
पंत को आउट करने के बाद नुवांता का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर था. पारी के 85वें ओवर में उन्होंने दूसरी नई गेंद से कमाल की स्पिन और उछाल हासिल की. शतक की ओर बढ़ रहे केएल राहुल गेंद के अचानक टर्न और बाउंस से हैरान रह गए. गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर शॉर्ट लेग पर तैनात निशान फर्नांडो के हाथों में चली गई. जिसके चलते राहुल शतक से ,सिर्फ 18 रन दू रहकर आउट हुए.
वॉर्म-अप मैच की सफलता को टेस्ट डेब्यू में दोहराया
केशारा नुवांता के लिए यह प्रदर्शन किसी सपने के सच होने जैसा है. टेस्ट सीरीज से पहले खेले गए प्रैक्टिस मैच में भी उन्होंने इन दोनों बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर नचाया था, जिसके दम पर उन्हें नेशनल टीम में शामिल कर सीधे प्लेइंग-11 में डेब्यू का मौका मिला. युवा स्पिनर ने इस भरोसे को सही साबित करते हुए इंटरनेशनल लेवल पर भी भारतीय स्टार्स को अपना शिकार बना लिया.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More