IND vs SL Test, DAY-2: 172 रन और 7 विकेट... टीम इंडिया ने गंवा दिया मौका! श्रीलंका की दमदार वापसी

Published on 16 अग॰ 2026

IND vs SL Test, DAY-2: 172 रन और 7 विकेट... टीम इंडिया ने गंवा दिया मौका! श्रीलंका की दमदार वापसी

दूसरे दिन श्रीलंका की दमदार वापसी. (फोटो- PTI)

IND vs SL 1ST Test, DAY-2: गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन श्रीलंकाई स्पिनरों ने जबर्दस्त वापसी करते हुए भारतीय मध्यक्रम को झकझोर दिया. पहले दिन 288/2 के मजबूत स्कोर से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम दूसरे दिन 7 विकेट खोकर सिर्फ 172 रन ही जोड़ सकी. हालांकि देवदत्त पडिक्कल के 167 रनों और निचले क्रम के योगदान की बदौलत भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 9 विकेट पर 460 रन बना लिए हैं. बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण दूसरे दिन का खेल दोपहर 2:35 बजे ही शुरू हो सका. इस लंबे ब्रेक का फायदा मेजबान श्रीलंका को मिला, जिनके स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी से मैच में टीम की वापसी करवाई.

पडिक्कल की मैराथन पारी

पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने अपनी लय बरकरार रखी और 215 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का पहला 150 का आंकड़ा पार किया. फिर वो 167 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर स्टंप आउट हुए. हालांकि, दूसरे छोर से भारत को लगातार झटके लगे. ऋषभ पंत बड़ा शॉट खेलने की जल्दबाजी में डेब्यूटेंट ऑफ-स्पिनर केशारा नुवांता की गेंद पर कैच थमा बैठे और 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

क्रैम्प्स से उबरकर दोबारा बल्लेबाजी करने आए केएल अपने कल के स्कोर में सिर्फ 5 रन जोड़ सके और नुवांता की टर्न के साथ बाउंस पर शॉर्ट लेग पर कैच आउट हुए. इसके बाद रवींद्र जडेजा टी-ब्रेक के तुरंत बाद नुवांता की फिरकी पर एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौटे.

ध्रुव जुरेल का शानदार अर्धशतक

377 पर 6 विकेट गिरने के बाद फॉर्म की तलाश में जुटे ध्रुव जुरेल ने अहम अर्धशतकीय पारी खेली. 29 रन के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए जुरेल ने 8 पारियों के बाद अपना पहला टेस्ट अर्धशतक जड़ा. जुरेल ने मानव सुथार के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 55 रन भी जोड़े. अंत में मोहम्मद सिराज और सुथार के आक्रामक शॉट्स ने टीम इंडिया को 450 के पार पहुंचाया. दिन का खेल खत्म होने तक कुलदीप यादव 12 रन और प्रसिद्ध कृष्णा 1 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद रहे.

तीसरे दिन सीधे पारी घोषित करेगी भारतीय टीम?

एक समय भारत काफी आसानी से 500 से ज्यादा रनों के स्कोर की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन दूसरे दिन 172 रनों के अंदर 7 विकेट गंवाने से यह मौका हाथ से फिसल गया. मैच का नतीजा निकालने और श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर टर्निंग ट्रैक पर दबाव बनाने के लिए यह माना जा रहा है कि भारतीय कप्तान शुभमन गिल तीसरे दिन सुबह दोबारा बल्लेबाजी करने के बजाए सीधे पारी घोषित कर गेंदबाजी चुन सकते हैं. यानी मैच का नतीजा निकालने के लिए खेल का तीसरा दिन काफी अहम रहने वाला है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button