
गुवाहाटी के मैदान में बरसे शतक. (फोटो- PTI)
IND vs WI, Most centuries scored in a match in ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया दूसरा वनडे मुकाबला क्रिकेट इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए अमर हो गया है. साल 1971 में शुरू हुए वनडे क्रिकेट के 55 सालों में अब तक कुल 5023 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन जो कारनामा गुवाहाटी की सपाट पिच पर देखने को मिला, वह इससे पहले कभी नहीं हुआ था. यह वनडे क्रिकेट के इतिहास का पहला ऐसा मुकाबला बन गया है, जिसमें दोनों टीमों की ओर से मिलाकर कुल 5 शतक लगे.
गुवाहाटी के मैदान में बरसे शतक
मुकाबले की दोनों पारियों में बल्लेबाजों का एकतरफा राज देखने को मिला. पहली पारी में वेस्टइंडीज की ओर से तीन शतक देखने को मिले. ओपनर जॉन कैंपबेल ने 101 रनों की एक ताबड़तोड़ पारी खेली. फिर कप्तान शे होप ने भी 104 रन बनाए और युवा बल्लेबाज आमिर जांगू 114 रन बनाकर नाबाद रहे. जिसके दम पर वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 405 का रिकॉर्ड टोटल बनाया.
406 रनों के विशाल टारगेट के जवाब में भारत की ओर से दो शतकीय पारियां देखने को मिलीं. पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 75 गेंदों में 101 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली. वहीं कप्तान शुभमन गिल ने और आगे जाते हुए 133 गेंदों में 223 रनों की नाबाद ऐतिहासिक दोहरी शतकीय पारी खेल डाली. जिसके चलते इस मुकाबले में कुल 5 बल्लेबाजों में 100 या उससे ज्यादा रन बनाए, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले कभी भी देखने को नहीं मिला था. वहीं, भारत ने इस टारगेट को सिर्फ 2 विकेट गंवाकर हासिल किया, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे सफल रन चेज भी है.
3 बार एक वनडे मैच में लगे 4 शतक
इससे पहले वनडे क्रिकेट में एक मैच में ज्यादा 4 शतक बनने का रिकॉर्ड था, जो 5,023 मैचों के इतिहास में सिर्फ तीन बार हुआ था.
- 1998 (लाहौर) – पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया: आमिर सोहेल और मोहम्मद यूसुफ (पाकिस्तान) / एडम गिलक्रिस्ट और रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया).
- 2013 (नागपुर) – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: शेन वॉटसन और जॉर्ज बेली (ऑस्ट्रेलिया) / शिखर धवन और विराट कोहली (भारत).
- 2023 (हैदराबाद) – पाकिस्तान बनाम श्रीलंका: कुसल मेंडिस और सदीरा समरविक्रमा (श्रीलंका) / अब्दुल्ला शफीक और मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान).

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More