
शिवराज सिंह चौहानImage Credit source: X/@BJP4India
एसआईआर (SIR) में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन की अहम बैठक हुई. इस बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए. अब इस बैठक को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि आज इंडिया गठबंधन की बैठक थी, लेकिन बैठक से पहले ही गठबंधन बिखर गया. यूपी में चुनाव है तो कहां हैं अखिलेश यादव, कहां हैं स्टालिन, कहां हैं अरविंद केजरीवाल. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे वर्चुअली जुड़े और हेमंत सोरेन का अतापता नहीं.
शिवराज सिंह चौहान ने शायरी वाले अंदाज में कहा कि इंडिया गठबंधन की हालत ऐसी हो गई है कि एक दिल के टुकड़े हजार हुए, कुछ इधर गिरे कुछ उधर गिरे. उन्होंने कहा कि बैठक का नतीजा क्या निकला, शून्य विजन, हंड्रेड प्रेसेंट हताशा, चुनाव से पहले ही हार का बहाना. ये सेव डेमोक्रेसी के नाम पर सेव डायनेस्टी मार्च करना चाहते हैं ‘परिवार बचाओ अभियान’.
उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी की जीत होने से पहले ही राहुल गांधी टीएमसी के हार का कारण बता चुके थे. तब उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की गलतियों के कारण बीजेपी जीतने जा रही है, तब SIR नहीं बोले. शिवराज ने कहा कि देश में अराजकता फैलाने की साजिश रह रहे हैं, जनता वोट परफार्मेंस के आधार पर वोट देती है.
शिवराज ने राहुल और खरगे पर साधा निशाना
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘एक के बाद एक चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद देश ये सोचता था कि अपनी गलतियों पर जनता से माफी मांगेंगे और आत्मचिंतन करेंगे, लेकिन कांग्रेस ने तय कर रखा है कि हम नहीं सुधरेंगे. लगातार कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खरगे हों या राहुल गांधी हों, अपनी गलतियों पर माफी मांगने के बजाय भ्रम फैला रहे हैं. झूठ बोल रहे हैं. मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं’.
‘राहुल को नेता मानने को तैयार नहीं INDIA गठबंधन’
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ‘सच बात तो ये है कि इंडिया गठबंधन राहुल को नेता मानने को तैयार नहीं, लेकिन कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक में राहुल जी कह रहे थे कि मुझपर भरोसा करो. कांग्रेस को ही राहुल गांधी पर भरोसा नहीं है’.
ये भी पढ़ें: भारत को सवर्ण हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए है SIR, बोले निर्मला सीतारमण के पति परकला प्रभाकर

Amod Rai
21 सालों से राजनीतिक, सामाजिक और पॉलिसी संबंधित विषयों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव। लगातार 2 दशक से बीजेपी, संघ परिवार, संसद और केंद्र सरकार की खबरों पर विशेष निगाह
Read More