INDIA गठबंधन के मार्च से AAP की दूरी, क्या करेंगे एमके स्टालिन? कांग्रेस ने दिया अपडेट

Published on 5 अक्टू॰ 2026

चुनाव आयोग और एसआईआर के मुद्दे पर देशभर में घमासान जारी है. मंगलवार (6 अक्टूबर) को मुख्य विपक्षी इंडिया गठबंधन चुनाव आयोग तक विरोध में मार्च निकालेगा. इसमें सभी सांसद शामिल होंगे. अब जो सबसे बड़ा सवाल निकलकर आया है, वो यह है कि गठबंधन की हिस्सेदार आम आदमी पार्टी और डीएमके इस मार्च में शामिल होगी? 

सूत्रों के हवाले से खबर है कि कांग्रेस ने मंगलवार के प्रदर्शन में डीएमके को भी इनवाइट किया है. डीएमके ने कहा है कि हम देखते हैं. वहीं आम आदमी पार्टी ने इस मार्च में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया है. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद डीएमके को हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में राजनीतिक समीकरण बदलने के बाद पार्टी ने गठबंधन से नाता तोड़ लिया था. 

इससे पहले 30 सितंबर को 19 विपक्षी दलों की मीटिंग के बाद इंडिया गठबंधन के नेताओं ने घोषणा की थी कि उनके सभी विपक्षी 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे. इसमें नेता राष्ट्रपति से मिलकर वोटर एसआईआर कथित गड़बड़ियों से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे. 

वहीं, कांग्रेस ने सोमवार को एक अहम बैठक दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में की. इसमें पार्टी ने आगे के अभियान की रणनीति को तय किया. कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी ने कहा है कि प्रदर्शन आक्रमक होना चाहिए. प्रदर्शन ऐसा हो कि जनता तक मैसेज जाए. वोट चोरी देशद्रोह है. वोट चोरी का मुद्दा गांव-गांव तक पहुंचाना है. लोगों को यह बताना है कि आपका मत छीना जा रहा है.

कांग्रेस पूरे देश में करेगी बड़े स्तर पर प्रदर्शन
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पीसीसी, प्रभारियों और महासचिवों की बैठक में राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहे. कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ निर्देश दिया है कि चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रामक अभियान जारी रखा जाए, जबतक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते. पार्टी पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेगी. इसका प्रस्तावित नारा- वोट बचाओ, देश बचाओ, दोहन रोको. 6 अक्टूबर को दिल्ली चलो यात्रा का आगाज किया जाएगा. 

सीईसी-एसआईआर के मुद्दे पर लगातार कार्यक्रम हों: राहुल
राहुल ने पार्टी नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीईसी और एसआईआर के मुद्दे पर लगातार कार्यक्रम किए जाएं. केवल कल होने वाले कार्यक्रम तक इसे सीमित न रखा जाए. राहुल ने कहा है कि ईसी अब इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया नहीं, बल्कि चीटिंग कमीशन ऑफ इंडिया बन गया है. 

10 से 20 अक्टबूर को देश बचाओ-वोट बचाओ अभियान 
इसके अलावा कांग्रेस देशभर में बड़े अभियान की तैयारी कर रही है. 10 से 20 अक्टूबर को पार्टी देश बचाओ, वोट बचाओ अभियान शुरू करेगी. इसके तहत ब्लॉक स्तर पर दो तरह के कार्यक्रम होंगे. बाइक रैली और साइकिल रैली निकाली जाएगी, जिसमें हजारों कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च करेंगे. नवरात्रि के दौरान देशभर में पर्चे बांटने का अभियान चलाया जाएगा.

25 अक्टूबर से 25 नवंबर को तीसरा चरण
25 अक्टूबर से 25 नवंबर को तीसरा चरण होगा. इसमें गांव-गांव चौपाल आयोजित की जाएगी. कांग्रेस का दावा है कि इस दौरान मतदाता सूची से हटाए गए 13.3 करोड़ मतदाताओं की पहचान की जाएगी. पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता इस अभियान में शामिल होंगे और इसकी निगरानी करेंगे.

1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली

1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी. 25 और 26 नवंबर संविधान दिवस के समय दिल्ली के आसपास के इलाकों में चलो दिल्ली कार्यक्रम के तहत छह यात्राएं निकाली जाएंगी. छह वरिष्ठ नेता इन यात्राओं का नेतृत्व करेंगे और इनमें हजारों वाहन शामिल होंगे.

आप ने इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर क्या कहा? 
आप सांसद संजय सिंह ने कहा है कि वोटर लिस्ट के एसआईआर में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हर दिन अलग-अलग जगहों पर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी अपना बैनर भी इस्तेमाल नहीं कर रही है, क्योंकि उसका मानना ​​है कि यह एक जन-आंदोलन है और देश के लोगों से जुड़ा मुद्दा है, और इसमें सभी को शामिल होना चाहिए.

 संजय सिंह ने कहा है कि CJP का विरोध प्रदर्शन भी हो रहा है. अलग-अलग संगठन भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. वामपंथी दल भी अलग-अलग जगहों पर विरोध कर रहे हैं. जहां तक ​​कल के विरोध प्रदर्शन की बात है, तो यह INDIA गठबंधन का विरोध प्रदर्शन है. इसलिए, आम आदमी पार्टी इसमें शामिल नहीं है.