Indore Sayaji Hotel Food License Suspended: मध्यप्रदेश में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने इंदौर के प्रसिद्ध सयाजी होटल पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान होटल के किचन में कई गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद प्रशासन ने होटल का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। साथ ही किचन को भी सील कर दिया गया।
किचन में मिले चूहे और कॉकरोच
निरीक्षण के दौरान किचन में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। अफसरों की टीम को वहां चूहे और कॉकरोच मिले। खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी अन्य कमियां भी सामने आने की जानकारी है।
होटल पर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/08/21/indore-sayaji-hotel-food-license-suspended-2026-08-21-19-43-33.jpg)
खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद होटल, रेस्टोरेंट और खाने-पीना का कारोबार करने वालों में हड़कंप है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
वेज-नॉनवेज मटेरियल एक साथ रखा था
जांच में पाया गया कि स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री को एक साथ रखा गया था। सी-फूड, चिकन और मटन के लिए अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था भी नहीं मिली। ड्राय और नॉनवेज स्टोरेज के प्लेटफॉर्म पर जंग लगी थी और गंदगी थी।
स्टोरेज रैक दीवार से सटाकर रखे गए थे, जबकि खाद्य सामग्री को नमी और संक्रमण से बचाने के लिए रैक को दीवार से कम से कम 6 इंच दूर रखना जरूरी है।
फ्रीजर का टेम्प्रेचर भी मानक के अनुरूप नहीं
नॉनवेज को सुरक्षित रखने के लिए फ्रीजर का तापमान -18 डिग्री होना चाहिए। जांच में एक फ्रीजर का तापमान +20 डिग्री और दूसरे का -16 डिग्री पाया गया। स्टोरेज में रखे 33 नॉनवेज पैकेटों पर पैकेजिंग डेट, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट भी प्रिंट नहीं थी।
कुल्फी पर एक्सपायरी डेट न बैच नंबर
पैक्ड कुल्फी पर भी मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर नहीं मिले। वहीं फ्रोजन डेजर्ट को मेन्यू में आइसक्रीम के नाम से दर्शाया गया था।
मूंगफली में फंगस, सड़े टमाटर-आलू मिले
स्टोर में रखे मूंगफली दाने में फंगस पाया गया। इसके अलावा टमाटर और आलू भी सड़े हुए मिले। उबले आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग लगी थी। कुछ खाद्य उत्पाद बिना उचित लेबल के स्टोर किए गए थे। टॉपिंग के कुछ टेट्रापैक लीक मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
कुकीज पर भी पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट नहीं
लाइसेंस से जुड़ी कई अनियमितताएं
जांच में होटल के लाइसेंस से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं। लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि का उल्लेख नहीं था, जबकि होटल में नॉनवेज खाद्य सामग्री का खूब इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी तरह होटल में बेकरी और स्वीट्स का भी लाइसेंस नहीं मिला, जबकि होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाइयों बनाई जा रही थीं।
FSSAI फाइव स्टार लाइसेंस भी नहीं
खाद्य विभाग की टीम ने होटल के सेंट्रल FSSAI फाइव स्टार लाइसेंस को लेकर भी आपत्ति दर्ज की। जांच के दौरान संबंधित लाइसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं मिला।
पनीर, नॉनवेज, मसाले और ड्रायफ्रूट्स की सैंपलिंग
खाद्य विभाग की टीम ने पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ, मसाले और ड्रायफ्रूट्स समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। फूड ऑफिसर मनीष स्वामी ने बताया कि दो किचन की जांच की गई है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें: MP Samvida Employees: मध्यप्रदेश में 2.50 लाख कर्मचारियों को मिलेगा ग्रेच्युटी-अनुकंपा नियुक्ति का लाभ, संगठन बोले- 3 साल हो गए, कब तक इंतजार ?
सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर: TET Exam: शिक्षकों के पास 31 अगस्त तक का समय, सुप्रीम कोर्ट ने तय की डेडलाइन, नौकरी और प्रमोशन पर पड़ सकता है असर, जानें डिटेल