
रोहित शर्मा को वापस बनाया जाएगा MI का कप्तान? (फोटो- PTI)
Rohit Sharma: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के खेमे से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी एक बार फिर अपने सबसे सफल लीडर रोहित शर्मा को टीम की कमान सौंपने पर गंभीरता से विचार कर रही है. रोहित शर्मा ने अपनी अगुवाई में मुंबई इंडियंस को 5 ऐतिहासिक आईपीएल खिताब जिताए थे, लेकिन 2024 के सीजन से ठीक पहले गुजरात टाइटंस से हार्दिक पांड्या को ट्रेड कर रातों-रात टीम का नया कप्तान बना दिया गया था.
रोहित शर्मा को वापस बनाया जाएगा कप्तान?
हार्दिक पांड्या 2024 से लेकर 2026 तक लगातार तीन सीजन में टीम के कप्तान रहे, लेकिन यह दौर मुंबई इंडियंस के लिए मैदान के अंदर और बाहर काफी उथल-पुथल भरा साबित हुआ. फैंस के भारी विरोध और ड्रेसिंग रूम के कथित तनाव के बाद अब मैनेजमेंट कप्तानी में बड़ा बदलाव करने के मूड में दिख रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एमआई का मैनजमेंट रोहित की पूरा भरोसा जता रहा है और उन्हें दोबारा कप्तान नियुक्त कर सकता है.
कप्तानी के विकल्पों में भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के नाम भी मौजूद थे. हालांकि, फ्रेंचाइजी के आलाकमान का मानना है कि टीम के मौजूदा हालात को देखते हुए रोहित शर्मा कप्तानी के हकदार हैं. इसी कारण रोहित को दोबारा कप्तानी सौंपने की योजना बनाई जा रही है.
हार्दिक पांड्या का क्या होगा?
कप्तानी बदलने की चर्चाओं के बीच हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर भी सस्पेंस गहरा गया है. बताया जाता है कि आईपीएल 2026 के बाद हार्दिक पांड्या ने खुद फ्रेंचाइजी छोड़ने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद एमआई ने उन्हें ट्रेड करने के लिए बाकी टीमों से संपर्क किया. खेल गलियारों में रोहित शर्मा की बतौर कप्तान वापसी की चर्चाएं जोरों पर हैं, लेकिन मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी या रोहित शर्मा की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More