
IPL 2027 से पहले बदल जाएगा RCB का नाम? (फोटो- PTI)
Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल में लगातार दो सीजन का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. फ्रेंचाइजी का मालिकाना हक पूरी तरह बदल जाने के बाद टीम के नाम में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं. अब आरसीबी के नए चेयरमैन आर्यमान बिड़ला ने इन सभी चर्चाओं पर अपना फैसला सुना दिया है. पिछले सीजन की शुरुआत से ठीक पहले आरसीबी की ऐतिहासिक डील पूरी हुई थी.
बदल जाएगा RCB का नाम?
आईपीएल 2026 से पहले आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, ब्लैकस्टोन और बोल्ट वेंचर्स के संयुक्त कंसोर्टियम ने मिलकर आरसीबी की 100% हिस्सेदारी खरीदी थी. इस बड़े कॉर्पोरेट टेकओवर के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि नए मालिक अपनी ब्रांडिंग के हिसाब से नाम में तब्दीली कर सकते हैं, लेकिन नए मैनेजमेंट ने फैंस की भावनाओं और आरसीबी की ब्रांड वैल्यू को प्राथमिकता दी है और नाम ना बदलने का फैसला लिया है.
आर्यमान बिड़ला ने हाल ही में एक इवेंट के दौरान साफ किया कि मालिकाना हक में बदलाव के बावजूद टीम के नाम में कोई फेरबदल नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आरसीबी एक ग्लोबल और बड़ा ब्रांड है और मैनेजमेंट को यह नाम काफी पसंद है. इससे पहले उनकी बहन अनन्या बिड़ला ने भी सोशल मीडिया के जरिए संकेत दिया था कि फ्रेंचाइजी की ऐतिहासिक पहचान से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी.
18 साल के सूखे के बाद 2 खिताब
2008 में आईपीएल की शुरुआत से लेकर 2024 तक आरसीबी एक बार भी ट्रॉफी नहीं जीत सकी थी, हालांकि विराट कोहली जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में टीम की फैन-फॉलोइंग हमेशा टॉप पर रही. फिर साल 2025 में भारतीय बल्लेबाज रजत पाटीदार को टीम की कमान सौंपी गई और उन्होंने पहले ही साल में 18 साल के खिताबी सूखे को खत्म कर आरसीबी को पहली आईपीएल ट्रॉफी दिलाई. पाटीदार की कप्तानी में टीम ने अपनी विजय यात्रा जारी रखी और आईपीएल 2026 का फाइनल जीतकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया. अब साल 2027 में उनकी नजर ट्रॉफी की हैट्रिक पर होगी.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More