भारतीय आईपीओ मार्केट (IPO Market) में एक के बाद एक दनादन इश्यू लॉन्च हो रहे हैं, तो वहीं विदेशों में भी तमाम आईपीओ शेयर मार्केट में डेब्यू कर निवेशकों को मालामाल कर रहे हैं. इस बीच एक IPO सुर्खियों में है, जो सोमवार को शंघाई स्टॉक एक्सचेंज (Shanghai Stock Exchange) में लिस्ट हुआ और जोरदार लिस्टिंग के बाद कंपनी का शेयर अचानक करीब 500% की छलांग लगा गया. स्टॉक में रॉकेट सी तेजी के चलते इस चाइनीज फर्म में पैसे लगाने वाले निवेशक एक झटके में मालामाल हो गए.
लिस्ट होते ही 500% उछला शेयर
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की चिपमेकर कंपनी CXMT Corp के आईपीओ के तहत कंपनी ने प्राइस बैंड 8.66 युआन तय किया था और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में इसे शेयरों की लिस्टिंग जोरदार प्रीमियम पर हुई.
सिर्फ इतना ही नहीं, लिस्ट होने के बाद जैसे CXMT Share रॉकेट बन गए और तेज रफ्तार के साथ भागते हुए करीब 500 फीसदी की उछाल के साथ 55.02 युआन का हाई छू लिया. हालांकि, अंत में इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ी, फिर भी चिप कंपनी का शेयर 465.82% की तेजी लेकर 49 युआन पर क्लोज हुआ.
सम्बंधित ख़बरें
झटके में बना दिया ये बड़ा रिकॉर्ड
चांगक्सिन मेमोरी टेक्नोलॉजीज (CXMT) लिस्टिंग के साथ ही इसमें निवेश करने वालों पर पैसों की बरसात हो गई. इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चीन की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता इस कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन लगभग 3.3 ट्रिलियन युआन (487 अरब डॉलर) हो गया और इसके साथ ही ये मैनलैंड चीन में सबसे वैल्यूएबल लिस्टेड कंपनी बन गई है.
खास बात ये है कि बीते कुछ दिनों में दुनियाभर की आईटी कंपनियों के शेयरों में भगदड़ा और तगड़ी बिकवाली देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद सीएक्सएमटी ने जोरदार शुरुआत की है.
10 साल पहले शुरू हुई थी कंपनी
CXMT की स्थापनी साल 2016 में झू यिमिंग (Zhu Yiming) द्वारा की गई थी और इसका मुख्यालय पूर्वी चीन के अनहुई प्रांत के हेफेई शहर में है. ये कंपनी डायनामिक रैंडम-एक्सेस मेमोरी (DRAM) चिप्स का निर्माण करती है, जो AI डेटा सेंटर, मोबाइल फोन, पीसी, टैबलेट और अन्य उपकरणों में यूज होती है. एनालिस्ट का कहना है कि शेयरों की डिमांड सप्लाई से कहीं ज्यादा होने के चलते शेयर में ये जोरदार उछाल आया है. जोरदार लिस्टिंग और उसके बाद शेयरों में ताबड़तोड़ उछाल के साथ यिमिंग की दौलत में तगड़ा इजाफा हुआ है.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
---- समाप्त ----
ये भी देखें
