दिल्ली में छात्र आंदोलन में पहुंचे जेजेपी (JJP) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को एक युवक के कड़े विरोध और तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद कहासुनी बढ़ते देख मौके पर मौजूद INSO के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक युवक को पकड़कर दूसरी तरफ ले गए।
जंतर-मंतर पर दिग्विजय चौटाला के विरोध में युवक का फूटा गुस्सा।
- Published: 27 Jul 2026, 04:14 PM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 04:14 PM IST
दिग्विजय चौटाला का विरोध: जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा। एक युवक उनके पास पहुंचा और भाजपा-जजपा गठबंधन को लेकर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की। इस दौरान दोनों के बीच करीब 26 सेकेंड तक बातचीत हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवक दिग्विजय चौटाला से कहता है, अगर आप हरियाणा में बगावत करते तो आज ये हाल नहीं होता। इसके बाद मौके पर मौजूद इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (INSO) के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक युवक को वहां से दूसरी ओर ले जाते दिखाई देते हैं।
क्या कहता है युवा वायरल वीडियो में?
वीडियो के अनुसार, युवक पहले दिग्विजय चौटाला से हाथ मिलाता है और फिर भाजपा-जजपा गठबंधन को लेकर सवाल उठाता है।
युवक: "क्या कर रही है बीजेपी, देख रहे हो?"
दिग्विजय चौटाला: "आज ये..."
युवक: "आप नहीं मिलते तो ये हाल नहीं होता।"
इसके बाद युवक कहता है कि "शुरुआत आपने की, देवीलाल परिवार ने की। आप हरियाणा में बगावत करते तो ये हाल नहीं होता।" इस दौरान दिग्विजय चौटाला केवल "नहीं-नहीं" कहते नजर आते हैं।
भाजपा और जजपा बीच बने गठबंधन के कारण लोगों में रोष
विरोध को वर्ष 2019 में भाजपा और जजपा के बीच बने गठबंधन से जोड़कर देखा जा रहा है। उस समय दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बने थे। किसान आंदोलन के दौरान भी जजपा भाजपा सरकार के साथ बनी रही, जिसके कारण पार्टी को किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में विरोध का सामना करना पड़ा।
मार्च 2024 में भाजपा-जजपा गठबंधन टूट गया था। वायरल वीडियो में विरोध करने वाला युवक भी इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए दिग्विजय चौटाला से सवाल करता दिखाई देता है।
युवक ने की दिग्विजय चौटाला को उकसाने की कोशिश
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि वे छात्र आंदोलन के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे थे। उनके अनुसार, एक युवक उन्हें उकसाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उन्होंने विवाद में पड़ने से बचना उचित समझा।
उन्होंने कहा कि युवक जिस मुद्दे की बात कर रहा था, उसका वहां चल रहे छात्र आंदोलन से कोई संबंध नहीं था। दिग्विजय का दावा है कि वह किसी राजनीतिक दल से जुड़ा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के समर्थक इस वीडियो को अधिक साझा कर रहे हैं, लेकिन इससे उनकी पार्टी पर कोई फर्क नहीं पड़ता और वे युवाओं के मुद्दों पर आगे भी उनके साथ खड़े रहेंगे।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।