![]()
Maitreyi College Foundation Day
Maitreyi College Foundation Day: दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मैत्रेयी महाविद्यालय (Maitreyi College) ने अपनी स्थापना के गौरवशाली 60 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर का जश्न मनाने के लिए कॉलेज ने पूरे वर्ष चलने वाले 'हीरक जयंती' समारोह की शानदार शुरुआत की है। इस उत्सव का आगाज 'फिट इंडिया अभियान' के विशेष सहयोग से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक भव्य 'कर्टेन रेजर' कार्यक्रम के माध्यम से हुआ। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, खेल, तकनीक और राष्ट्रप्रेम के बेहतरीन संगम के रूप में सामने आया, जिसने कॉलेज की 60 वर्षों की समृद्ध शैक्षणिक और सांस्कृतिक यात्रा को एक नई ऊर्जा दी।
प्रतिष्ठित हस्तियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा
समारोह में शिक्षा, प्रशासन और खेल जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अमिताभ कांत (आईएएस अधिकारी - सेवानिवृत्त, पूर्व सीईओ नीति आयोग एवं कुलपति, आईआईटी यूनिवर्सिटी) शामिल हुए। वहीं स्पेशल गेस्ट के तौर पर डॉ. विकास गुप्ता (रजिस्ट्रार, दिल्ली विश्वविद्यालय) ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अन्य गणमान्य में डॉ. मैथ्यू वर्गीस, डॉ. संतोष, गवर्निंग बॉडी की चेयरपर्सन प्रो. जगरीत कौर, प्रिंसिपल प्रो. हरित्मा चोपड़ा, वाइस-प्रिंसिपल प्रो. ज्योति सिंह, डॉ. शिप्रा वर्मा समेत कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।
फिटनेस, 'SUGAM' ऐप और कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और कॉलेज की प्रेरणास्रोत ‘विदुषी मैत्रेयी’ के चित्र का अनावरण करके किया गया। इसके बाद कई महत्वपूर्ण पहल और गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर 'SUGAM' इंडोर नेविगेशन ऐप का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। साथ ही छात्राओं के खेल विकास के लिए बहुउद्देशीय खेल परिसर का लोकार्पण भी हुआ।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए एक विशेष 5 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकाली गई। इसमें शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आयोजन टीम का योगदान
समारोह का समापन मैत्रेयी कॉलेज की विभिन्न सांस्कृतिक सोसाइटियों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया और इस हीरक जयंती समारोह को एक यादगार शुरुआत दी। इस आयोजन को सफल बनाने में 'फिट इंडिया' टीम तथा शारीरिक शिक्षा विभाग की डॉ. शिप्रा वर्मा का विशेष योगदान रहा। स्टूडेंट यूनियन कोर टीम डॉ. अनीता देवी (कन्वीनर), डॉ. गजाला रूही व डॉ. पारुल यादव (को-कन्वीनर्स) और डॉ. बबीता चौधरी (मीडिया कन्वीनर) के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन हुआ। इसके अलावा छात्र संघ की अध्यक्ष दृष्टि कसाना, उपाध्यक्ष वैशाली, कोषाध्यक्ष गरिमा गुप्ता और जनरल सेक्रेटरी सुरमई ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]()
वर्षा कुशवाहाauthor
वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Education
End of Article