ज्वैलर लूटकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार: जयपुर के सीतापुरा से दबोचा, साइबर सिक्योरिटी से MBA कर रहा है - Sawai Madhopur News

Published on 4 अग॰ 2026

सवाई माधोपुर में मानटाउन गर्ल्स स्कूल के पास 17 जुलाई को ज्वैलर दिनेश गोयल के साथ हुए लूटकांड का मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

.

मानटाउन थाना पुलिस ने आरोपी को जयपुर के सीतापुरा से पकड़ा है। वह यहां कपड़े खरीदने आया था। इससे पहले इस मामले में छह लोगों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी प्रखर शर्मा (21) पुत्र राजेश शर्मा, निवासी बिचपुरी, हाल निवासी गुरुद्वारा रोड धौलपुर को पकड़ा है। आरोपी घटना के समय से ही फरार चल रहा था।

आरोपी साइबर सिक्योरिटी से MBA कर रहा है।

17 जुलाई को घटना हुई थी

17 जुलाई की शाम ज्वैलर दिनेश गोयल निवासी इन्द्रा कॉलोनी, सवाई माधोपुर बजरिया स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।

गर्ल्स स्कूल के पास चार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल जबरन रुकवा दी और मारपीट कर उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद बदमाश बैग छीनकर फरार हो गए।

बदमाशों ने ज्वैलर के गले से सोने की चेन तोड़ने का भी प्रयास किया था। बैग में करीब 26 ग्राम सोना और 1.30 लाख रुपए नकद थे।

कई दिनों से ज्वैलर की रेकी कर रहे थे

पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने वारदात से पहले ज्वैलर की हर हरकतों पर लगातार नजर रख रहे थे। वह दुकान कब कितने बजे बंद करते है, किस रास्ते से घर जाते है, उनके पास कितना सोना और नकदी है और साथ ही किस स्थान पर वारदात करना आसान होगा। इसकी जानकारी जुटाई गई।

इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर लूट की योजना बनाई और प्रत्येक आरोपी की भूमिका तय की। वारदात के बाद फरार होने के लिए स्कॉर्पियो की भी पहले से व्यवस्था की गई थी।

पहले 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है

मानटाउन थाना पुलिस वारदात का खुलासा करते हुए पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें आशीष सैन, रवि मीणा, दिलखुश मीणा, अशोक कुमार मीणा, प्रशांत कांवटिया और लोकेश कुमार मीणा शामिल हैं। पुलिस ने लूट का माल, सोने के आभूषण, नकदी, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और रेकी में काम ली गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।

मुख्य आरोपी साइबर सिक्योरिटी से MBA कर रहा है

पुलिस के अनुसार प्रखर शर्मा साइबर सिक्योरिटी से MBA कर रहा है और शातिर किस्म का है। वारदात में शामिल उसके साथियों की गिरफ्तारी की भनक लगते ही उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। पुलिस से बचने के लिए उत्तराखंड भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए एएसआई संजय कुमार, एएसआई जगराम, हेड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश और कांस्टेबल विजय सिंह की विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर तलाश करते हुए उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और आखिरकार उसे सीतापुरा, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।

वह यहां कपड़े खरीदने के​ लिए आया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में लूट की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी जांच जारी है।