
मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट सीरीज के लिए टीम का ऐलान.
India Mixed Disability Cricket Series: डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (DCCI) ने इंग्लैंड में आयोजित होने वाली मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. 5 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक खेले जाने वाले इस ऐतिहासिक दौरे के लिए जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर माजिद एएच मगरे को भारतीय टीम का कप्तान चुना गया है. वहीं साई आकाश सैवामणि उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे.
सात मैचों की टी20 सीरीज
भारत और इंग्लैंड के बीच 7 मैचों की इंटरनेशनल टी20 सीरीज खेली जाएगी. सभी मुकाबले स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगे. खास बात ये है कि इस सीरीज का आखिरी मैच ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड खेला जाएगा.
सीरीज का पूरा शेड्यूल
- पहला और दूसरा मैच: 5 और 7 अगस्त (आवरकूप काउंटी ग्राउंड, डर्बी)
- तीसरा मैच: 9 अगस्त (अप्टनस्टील ग्रेस रोड, लीसेस्टर)
- चौथा मैच: 12 अगस्त (काउंटी ग्राउंड)
- पांचवां और छठा मैच: 15 और 16 अगस्त (अरुंडेल क्रिकेट क्लब ग्राउंड)
- सातवां मैच: 19 अगस्त (ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड)
डीसीसीआई के सचिव रविकांत चौहान ने माजिद मगरे की नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह न सिर्फ जम्मू-कश्मीर बल्कि देश के पूरे दिव्यांग क्रिकेट समुदाय के लिए गर्व का पल है. उनकी कप्तानी कई युवा एथलीटों को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी. वहीं, उपाध्यक्ष सुमित जैन ने पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को सफल दौरे के लिए शुभकामनाएं दीं. बता दें, इंग्लैंड रवाना होने से पहले भारतीय टीम नई दिल्ली के द्वारका स्थित छावला में आयोजित कैंप में जमकर पसीना बहा रही है.
भारतीय टीम का स्क्वॉड और सपोर्ट स्टाफ
16 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड: माजिद एएच मगरे (कप्तान), साई आकाश सैवामणि (उपकप्तान), जयेश परमार, तरुण, रिजवान अल्ताफ भट, अर्जुन राजेश गावरे, कुलदीप सिंह, यशवंत नायडू रवुरी, विवेक कुमार, सुदर्शन एलंगोवन, हिलाल अहमद वानी, रवींद्र गोपीनाथ सांते, योगेंद्र सिंह, वृषांत संदीप गुंजाल, राजेश इरप्पा कन्नूर और शिव शंकरा गुंटिगानापाली सुब्बारायप्पा.
सपोर्ट स्टाफ: भारतीय टीम का हेड कोच पूर्व राजस्थान रणजी कप्तान रोहित झलानी को बनाया गया है. उनके साथ देव दत्त (कोच), रोहित शर्मा (फील्डिंग कोच), रामस्वरूप सैनी (स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच) और मयंक पुष्कर (फिजियोथेरेपिस्ट) की भूमिका में खिलाड़ियों की फिटनेस का ध्यान रखेंगे.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More