गोरखपुर में MLC देवेंद्र प्रताप सिंह को किया गया सम्मानित: सैथवार मल्ल समाज की आवाज सदन में गूंजी, आरक्षण की मांग पर दिखी बड़ी एकजुटता - Gorakhpur News

Published on 11 अग॰ 2026

अभिजीत सिंह | गोरखपुर19 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गोरखपुर में सैथवार मल्ल स्वाभिमान मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में MLC देवेंद्र प्रताप सिंह को सम्मानित किया गया। समाज के सैकड़ों लोगों की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि अब सैथवार मल्ल समाज अपनी पहचान और अधिकारों को लेकर पूरी तरह संगठित और सक्रिय हो चुका है। समाज के लोगों ने एक स्वर में कहा कि उनकी वर्षों पुरानी मांग को सदन तक पहुंचाने वाले प्रतिनिधि का सम्मान करना उनका कर्तव्य है।

मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह सैथवार ने कहा कि पूर्वांचल का सैथवार मल्ल समाज लंबे समय से अपनी अलग पहचान और ओबीसी आरक्षण में स्पष्ट स्थान की मांग करता रहा है, लेकिन अब तक इस पर ठोस निर्णय नहीं हो सका। ऐसे में MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने मानसून सत्र में इस मुद्दे को जिस मजबूती और बेबाकी से उठाया, उसने समाज के अंदर नई उम्मीद जगा दी है।

अब लेकर ही रहेंगे अधिकार

मनोज सिंह सैथवार ने दो टूक कहा कि समाज अब केवल आश्वासन पर भरोसा नहीं करेगा, बल्कि अपने अधिकार लेकर रहेगा। उन्होंने बताया कि सैथवार मल्ल समाज को ओबीसी में अलग पहचान के साथ आरक्षण दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई तेज की जाएगी। इसके लिए जल्द ही पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष से मुलाकात कर राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन की मांग की जाएगी, ताकि समाज को उसका वैधानिक हक मिल सके।

सरकार और प्रशासन को दिया स्पष्ट संदेश

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन के लिए एक सशक्त संदेश है। समाज अब अपनी अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा और हर मंच पर अपनी बात मजबूती से रखेगा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि आने वाले समय में यह मुद्दा और जोर पकड़ सकता है।

अधिकार मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह सैथवार ने बताया कि उनका समाज वर्षों से अपनी पहचान और आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहा है। MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने इस ज्वलंत मुद्दे को सदन में दमदारी से उठाया है, जिसके लिए समाज उनका आभार व्यक्त करता है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक समाज को उसका अधिकार नहीं मिलेगा, यह लड़ाई जारी रहेगी।

MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सैथवार मल्ल समाज की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। वह इस मुद्दे को लगातार विधान परिषद में उठाते रहेंगे और सरकार तक मजबूती से पहुंचाएंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज को उसका अधिकार दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

.