MP News: इंदौर बनेगा मध्यभारत की Tech Capital, Infosys के नए कैंपस से बदलेगी शहर की पहचान

Published on 17 सित॰ 2026

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में Infosys के नए परिसर का लोकार्पण किया। उन्होंने इंदौर को मध्यभारत की टेक कैपिटल और MP को टेक्नोलॉजी हब बनाने की बात कही।

भोपाल। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर अब टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर उद्यमिता से लेकर नवाचार तक लगातार आगे बढ़ रहा है और अब मध्यभारत की टेक कैपिटल बनने की ओर अग्रसर है। उनके मुताबिक शहर के पास पैशन, प्रोफेशन और पोटेंशियल की ऐसी त्रिवेणी है, जो इसे नई अर्थव्यवस्था के लिए खास बनाती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवास से इंदौर में इन्फोसिस द्वारा विकसित नए परिसर का वर्चुअल लोकार्पण कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इंदौर की तकनीकी क्षमता, कुशल युवाओं और तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल इकोसिस्टम का उल्लेख किया।

Infosys Indore Campus: नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर हर दौर की जरूरत को समझकर उसके मुताबिक खुद को तैयार करता रहा है। शहर में विश्वस्तरीय अधोसंरचना के साथ दक्ष वर्कफोर्स भी उपलब्ध है। यही वजह है कि इंदौर अब टेस्ट से लेकर टेक्नोलॉजी तक का ब्रांड एम्बेसडर बन रहा है। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान इंदौर को कौशल, आधुनिक तकनीक और ज्ञान के क्षेत्र में एक नई सौगात मिल रही है। अग्रणी आईटी कंपनी इन्फोसिस के नए स्टेट-ऑफ-द-आर्ट सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक की शुरुआत शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डॉ. यादव ने इंदौर को इनोवेशन, न्यू-एज स्किल्स, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, अपॉर्च्युनिटीज, रिलायबल और एंटरप्रेन्योरशिप से जोड़ते हुए कहा कि शहर इन सभी क्षेत्रों में अपनी संभावनाओं को लगातार विस्तार दे रहा है।

CM मोहन यादव बोले- भारत के लिए स्वर्णिम समय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सक्षम नेतृत्व का उदाहरण पेश किया है और मौजूदा समय भारत के लिए स्वर्णिम दौर है। उन्होंने कहा कि दुनिया में तेजी से बदलाव और उथल-पुथल के बीच भारत प्रशिक्षित युवाओं की बड़ी ताकत के साथ दुनिया के युवा देशों में अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत में एक तरफ पर्यावरण संरक्षण पर काम हो रहा है, तो दूसरी तरफ नई तकनीक को तेजी से अपनाया जा रहा है। सेमीकंडक्टर मिशन, आई मिशन और राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड जैसे कई नए मिशन देश की तकनीकी क्षमता और वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, तकनीक और नए क्षेत्रों के विस्तार से युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं।

Madhya Pradesh Technology: टेक्नोलॉजी और डिजिटल इनोवेशन पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब टेक्नोलॉजी, डिजिटल इनोवेशन और नॉलेज बेस्ड इकोनॉमी के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर पॉलिसी-2025 लागू की गई है, जिससे इस क्षेत्र में निवेश और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा रहा है। इंदौर में आईआईटी, आईआईएम और आईटी पार्क जैसी संस्थाएं और सुविधाएं मौजूद हैं। वहीं, उज्जैन को देश की अग्रणी साइंस सिटी और भोपाल को नॉलेज एंड एआई सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

PM MITRA Park Dhar: अत्याधुनिक तकनीक से खुलेंगे विकास के नए रास्ते

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार जिले में पीएम मित्र पार्क का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां पीएम मित्र पार्क की बुनियाद रखी है। 2 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होने वाले इस क्षेत्र में विभिन्न इकाइयां अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए विकास के नए अवसर तैयार करेंगी। मुख्यमंत्री ने इन्फोसिस के पदाधिकारियों को इंदौर में नए परिसर के विकास के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।