रेवाड़ी का छात्र हॉस्टल के वॉशरूम गया था, जहां पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की गई और सिर पर कांच की बोतल फोड़ दी। इस घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
पानीपत में MBBS छात्र पर कांच की बोतल से जानलेवा हमला किया गया।
- Published: 04 Aug 2026, 04:37 PM IST
- Last Updated: 04 Aug 2026, 04:37 PM IST
हरियाणा के पानीपत में रोहतक-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित NC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात MBBS के एक छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने छात्र पर हॉस्टल के अंदर हमला बोला और कांच की बोतल से उसका सिर फोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे हमलावरों ने बीच-बचाव में आए एक अन्य छात्र पर गाड़ी चढ़ा दी। इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से हॉस्टल परिसर में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है।
वॉशरूम से खींचकर कांच की बोतल से किया हमला
घटना की पूरी जानकारी देते हुए पीड़ित छात्र विवेक कुमार निवासी मुकंदपुर बसई, जिला रेवाड़ी ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वह अपने हॉस्टल के कमरे से निकलकर वॉशरूम की तरफ गया था। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर उससे गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब विवेक ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने उसे जबरन घसीटकर बाहर निकाला और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने कांच की बोतल उठाकर विवेक के सिर पर लगातार कई वार किए। सिर फटने की वजह से विवेक वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
भागते समय दूसरे छात्र पर चढ़ाई तेज रफ्तार गाड़ी
विवेक का चीखना-चिल्लाना सुनकर आसपास के कमरों में मौजूद साथी छात्र तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। छात्रों को अपनी ओर आते देख हमलावर घबरा गए और मौके से भागने लगे। हॉस्टल परिसर से बाहर भागते समय आरोपियों ने अपनी तेज रफ्तार गाड़ी से कॉलेज के एक अन्य छात्र अंकुर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकुर उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद साथी छात्रों ने बिना देर किए दोनों घायल छात्रों विवेक और अंकुर को अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, हॉस्टल में बढ़ा तनाव
देर रात हुई इस खूनी वारदात के बाद हॉस्टल के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
छात्रों का कहना है कि यदि हॉस्टल के मुख्य द्वार और परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते, तो बाहरी या उपद्रवी तत्व इस तरह अंदर घुसकर खूनी वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। घटना के बाद देर रात तक हॉस्टल में छात्रों का जमावड़ा लगा रहा और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
लक्ष्य खोखर समेत 6 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
वारदात की सूचना मिलते ही इसराना थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने पीड़ित छात्र विवेक कुमार के बयानों के आधार पर 6 नामजद आरोपियों लक्ष्य खोखर, अंकित नखिला, जतीन बैरा, कपील मदेरना, दीपक डबास और नितिन खोखर के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।