आगरा में जीआरपी और आरपीएफ ने एक अंतरराज्यीय ट्रेन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए NEET क्वालीफाई करने वाले एक युवक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महंगे शौक और गर्लफ्रेंड के इलाज के लिए चोरी करता था।
आगरा में जीआरपी-आरपीएफ ने नीट क्वालीफाई चोर पुनीत और उसके साथी को दबोचा (file photo)
- Published: 15 Sep 2026, 07:23 PM IST
- Last Updated: 15 Sep 2026, 07:23 PM IST
आगरा : डॉक्टर बनकर समाज सेवा और सम्मानजनक जीवन जीने का सपना देखने वाले एक युवक के अपराध की राह पर चलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आगरा में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय ट्रेन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने NEET परीक्षा क्वालीफाई करने वाले मुख्य आरोपी पुनीत और उसके साथी आकाश पाल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 लाख रुपये कीमत के आभूषण और नकदी बरामद की है।
फौजी परिवार और डॉक्टर बहन, फिर भी चुना अपराध
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पुनीत मूल रूप से पीलीभीत का रहने वाला है, जबकि उसका साथी आकाश पाल लखनऊ का है। पुनीत का परिवार आर्थिक रूप से काफी संपन्न है; उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं, भाई एयरफोर्स में और बहन डॉक्टर हैं। इसके बावजूद पुनीत ने महंगे शौक और लग्जरी लाइफस्टाइल के चक्कर में अपराध का रास्ता चुन लिया। उसने लखनऊ में हुक्का पार्लर भी चलाया था, जो लॉकडाउन के बाद बंद हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस सबके बीच उसने अपनी पढ़ाई जारी रखी और NEET की परीक्षा भी पास कर ली थी।
गर्फ्रेंड के इलाज पर उड़ाए 80 लाख
पुलिस पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला पहलू उसकी गर्लफ्रेंड से जुड़ा सामने आया है। आरोपी की गर्लफ्रेंड को कैंसर होने पर उसके इलाज में पुनीत ने 80 लाख रुपये से अधिक खर्च किए थे। इसके अलावा महंगे कपड़े, ब्रांडेड जूते, क्लब पार्टी और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल उसके शौक थे। इन्हीं खर्चों को पूरा करने के लिए वह लगातार चोरियों को अंजाम देता रहा।
AC कोच में महिलाओं को बनाते थे निशाना
यह गिरोह चलती ट्रेनों के फर्स्ट, सेकंड और थर्ड एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं के सामान को निशाना बनाता था। वारदात के बाद वे दूसरे राज्यों या जिलों का रुख कर लेते थे, जिससे पुलिस की पकड़ से दूर रहते थे। फरवरी-मार्च में आगरा कैंट में दर्ज एक चोरी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुराग जुटाए और इस शातिर गिरोह तक पहुंच गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।