Published: Wednesday, September 30, 2026, 15:45 [IST]
NEET PG 2026 काउंसलिंग का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए सीटों को लेकर अच्छी खबर है। मेडिकल पीजी कोर्स में इस बार पिछले साल के मुकाबले ज्यादा उम्मीदवारों को एडमिशन का मौका मिल सकता है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स के मुताबिक, 2026-27 सेशन में MD-MS और दूसरे पीजी मेडिकल प्रोग्राम की सीटें बढ़कर करीब 58 हजार हो गई हैं।
पिछले साल इनकी संख्या 52,173 थी। यानी कुल सीटों में करीब 11 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों के साथ प्राइवेट और डीम्ड संस्थानों में भी सीटें बढ़ाई गई हैं। खास बात यह है कि प्राइवेट और डीम्ड संस्थानों में सरकारी कॉलेजों के मुकाबले सीटों की बढ़ोतरी ज्यादा रही है।
प्राइवेट और डीम्ड कॉलेजों में ज्यादा सीटें
नए सीट मैट्रिक्स में सरकारी और प्राइवेट दोनों तरह के मेडिकल संस्थानों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ी है। प्राइवेट और डीम्ड मेडिकल संस्थानों में सीटों की संख्या में करीब 32 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वहीं सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटें लगभग 10 प्रतिशत बढ़ी हैं। कुल सीटों को देखा जाए तो पिछले साल की 52,173 सीटों के मुकाबले इस बार संख्या करीब 58 हजार तक पहुंच गई है।
ये भी पढ़ें: न कोचिंग, न फुल-टाइम पढ़ाई! एयरफोर्स की स्क्वाड्रन लीडर ने NEET PG में गाड़ा झंडा, 8 नंबर से छुट्टा AIR 1
इन मेडिकल ब्रांच में बढ़ीं सीटें
NEET PG 2026 के नए सीट मैट्रिक्स में कई प्रमुख स्पेशलिटी में सीटों का विस्तार किया गया है। इनमें एनेस्थीसिया, ऑप्थेल्मोलॉजी, ENT, पैथोलॉजी, साइकियाट्री और रेस्पिरेटरी मेडिसिन जैसे प्रोग्राम शामिल हैं। इन कोर्स में सीटें बढ़ने से काउंसलिंग के दौरान उम्मीदवारों को ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं। हालांकि एडमिशन उम्मीदवार की रैंक, कैटेगरी, उपलब्ध सीट और काउंसलिंग के नियमों पर निर्भर करेगा।
सरकारी कॉलेजों में किस ब्रांच की कितनी सीटें?
सरकारी मेडिकल कॉलेजों के सीट मैट्रिक्स में एनेस्थिसियोलॉजी की 3,205 सीटें हैं। जनरल मेडिसिन में 3,201 और जनरल सर्जरी में 2,805 सीटें बताई गई हैं। OBG यानी ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी में 2,635 सीटें हैं। पीडियाट्रिक्स में 2,176 और पैथोलॉजी में 1,833 सीटें उपलब्ध बताई गई हैं।
इसके अलावा ऑर्थोपेडिक्स में 1,603, ऑप्थेल्मोलॉजी में 1,223, कम्युनिटी मेडिसिन में 1,192 और रेडियो डायग्नोसिस में 1,182 सरकारी सीटें हैं।
सीट मैट्रिक्स में आगे भी हो सकता है बदलाव
NMC ने सीट मैट्रिक्स जारी करने के साथ यह भी साफ किया है कि मौजूदा संख्या अंतिम नहीं मानी जाए। जरूरत पड़ने पर इसमें आगे बदलाव हो सकता है। अभी जारी लिस्ट में ऐसे आवेदनों से जुड़ी अतिरिक्त सीटें शामिल नहीं हैं, जिनमें मेडिकल कॉलेजों ने पीजी कोर्स की सीटें बढ़ाने या नया पीजी प्रोग्राम शुरू करने की अनुमति मांगी है। अगर बाद में ऐसे किसी आवेदन को मंजूरी मिलती है तो उससे जुड़ी सीटों को अपडेटेड सीट मैट्रिक्स में शामिल किया जा सकता है।
तय सीटों से ज्यादा एडमिशन नहीं
मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल मंजूर सीटों की संख्या के आधार पर ही एडमिशन दें। किसी कॉलेज को जितनी सीटों की अनुमति मिली है, एडमिशन उसी सीमा के अंदर होना चाहिए। काउंसलिंग के दौरान सीट मैट्रिक्स में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो मामले को मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) के पास भेजा जाएगा।
PwBD उम्मीदवारों के लिए 1 अक्टूबर से प्रक्रिया
NEET PG काउंसलिंग में PwBD यानी दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए राउंड-1 से जुड़ी प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग कर सकेंगे। PwBD उम्मीदवारों के लिए मेडिकल असेसमेंट की तारीखें भी तय की गई हैं। प्राथमिक मेडिकल असेसमेंट बोर्ड की प्रक्रिया 1 अक्टूबर को शाम 5 बजे से शुरू होकर 9 अक्टूबर तक चलेगी।
वहीं अपील करने वाले उम्मीदवारों के लिए अपीलीय मेडिकल बोर्ड की प्रक्रिया 5 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 12 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
ये भी पढ़ें: 28 हजार रैंक से AIR 1 तक का सफर! डॉ. मोनीश की वो मास्टर स्ट्रेटजी जिसने उन्हें बना दिया NEET PG टॉपर