नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के जरिए 2026 के लिए सरकारी स्कॉलरशिप के आवेदन शुरू हो गए हैं. छात्र अपनी एलिजिबिलिटी के अनुसार नई स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं या पहले से मिल रही स्कॉलरशिप को रिन्यू करा सकते हैं. प्री-मैट्रिक से लेकर पोस्ट-मैट्रिक, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा और पीएचडी तक के स्टूडेंट्स के लिए अलग-अलग स्कॉलरशिप उपलब्ध हैं. आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन है और इसके लिए किसी तरह की फीस नहीं देनी होगी. हालांकि, ऑनलाइन आवेदन के बाद उसका प्रिंटआउट संबंधित स्कूल या कॉलेज में जमा करना जरूरी है.
31 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
NSP स्कॉलरशिप 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 जून से शुरू हो चुके हैं. इच्छुक छात्र 31 अक्टूबर 2026 तक अपना फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन के बाद उसकी हार्ड कॉपी स्कूल या कॉलेज में 15 नवंबर 2026 तक जमा करनी होगी. छात्र ध्यान रखें कि सिर्फ ऑनलाइन फॉर्म भरना पर्याप्त नहीं है. संस्थान में प्रिंटआउट जमा नहीं करने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है.
इस स्कॉलरशिप के लिए जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग सहित किसी भी वर्ग के एलिजिबल छात्रों से आवेदन फीस नहीं ली जाएगी.
इन कोर्स के छात्रों को मिलेगा लाभ
NSP पर प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक स्तर के अलावा ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के स्टूडेंट्स के लिए भी स्कॉलरशिप योजनाएं हैं. बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएड, बीटेक, बीसीए, एलएलबी, बीबीए जैसे कोर्स के छात्र आवेदन कर सकते हैं. वहीं एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए, एमसीए, एमटेक, एलएलएम और एमएड जैसे कोर्स भी इसमें शामिल हैं. डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स और पीएचडी करने वाले पात्र विद्यार्थी भी संबंधित योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन से पहले डॉक्यूमेंट रखें तैयार
फॉर्म भरने से पहले हाईस्कूल और इंटर की मार्कशीट, पिछली परीक्षा की मार्कशीट या प्रमाणपत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और आधार कार्ड तैयार रखें. पहली बार आवेदन करने वाले छात्रों को बोनाफाइड सर्टिफिकेट की भी जरूरत पड़ सकती है. आवेदन के दौरान लाइव फोटो कैप्चर की व्यवस्था भी बताई गई है. सबसे जरूरी है कि छात्र का बैंक अकाउंट आधार से लिंक होने के साथ NPCI में मैप होना चाहिए तभी स्कॉलरशिप की राशि खाते में ट्रांसफर हो सकेगी.
OTR के बाद ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले छात्र NSP की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और One Time Registration यानी OTR पूरा करें. यह प्रक्रिया आधार आधारित KYC से जुड़ी होगी. रजिस्ट्रेशन के बाद मिलने वाले OTR नंबर को सुरक्षित रखें. इसके बाद पोर्टल पर लॉगिन करके अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और बैंक संबंधी जानकारी भरें. मांगे गए दस्तावेज सही फॉर्मेट में अपलोड करें. फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी ध्यान से जांचें. आवेदन सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालें और जरूरी दस्तावेजों के साथ तय समय सीमा में अपने स्कूल या कॉलेज में जमा कर दें.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More