'लगा सबकुछ खत्म हो गया', PM मोदी को 'गाली' देने वाली लड़की का फिर छलका दर्द, अब जो बताया वो हैरान करेगा

Published on 2 अग॰ 2026

By Oneindia Staff

Time Updated: Sunday, August 2, 2026, 15:11 [IST]

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली नोएडा की 15 साल की रुचिका सिंह का एक नया और इमोशनल बयान सामने आया है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उसे माफ करने और समाज से "भटके हुए बच्चों" को सजा देने के बजाय सही रास्ता दिखाने की अपील के बाद नाबालिग लड़की ने मीडिया से बात की।

रुचिका ने कहा कि उसने कभी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी गलती के बाद उसे माफी मिलेगी। पीएम मोदी का संदेश उसके लिए किसी "दूसरा जीवन" मिलने से कम नहीं है। आपको जानकर हैरानी होगी कि लड़की ने यह भी खुलासा किया कि विवादित वीडियो वायरल होने के बाद उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं और पुलिस कार्रवाई अभी रुकी नहीं है। लड़की का कहना है कि हर दिन उसके घर पर पुलिस का आना-जाना लगा हुआ है।

Noida Girl Apology PM Modi

'जंतर-मंतर पर लोगों और यूट्यूबरों ने भड़काया'

अपनी सफाई देते हुए रुचिका ने बताया कि उसने वह सब अनजाने में नहीं कहा था, बल्कि वहां मौजूद माहौल और लोगों के बहकावे में आकर बोला था। घटना वाले दिन यानी 23 जुलाई को वह अपने दोस्तों के साथ सीपी (CP) घूमने गई थी। वहां उसे पता चला कि पास ही जंतर-मंतर पर कोई भूख हड़ताल चल रही है। एक्साइटमेंट में वह वहां चली गई, जहां कई ग्रुप और यूट्यूबर लोगों के हाथ में माइक थमाकर इंटरव्यू ले रहे थे।

रुचिका ने कहा,

"यूट्यूबरों ने मुझसे कहा कि जो कहना चाहती हो कहो। मैंने पूछा कि किस बारे में बोलूं? तो उन्होंने कहा कि देश में कुछ गलत हो रहा है और तुम्हें बोलने की पूरी आजादी है। उन्होंने भरोसा दिया था कि यह क्लिप इंटरनेट पर पोस्ट नहीं होगी। मैंने वही बातें बोल दीं जो वहां लोग मुझे समझा रहे थे। मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई और मैं तब तक माफी मांगती रहूंगी जब तक मेरी गलती पूरी तरह माफ न हो जाए।"

'पीएम मोदी के संदेश ने रुला दिया, मिला नया जीवन'

प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो संदेश पर बात करते हुए रुचिका भावुक हो गई। उसने कहा,

"जब मुझे लगा कि मेरी पूरी जिंदगी और पढ़ाई खत्म हो चुकी है, तब पीएम मोदी ने मुझे तुरंत माफ कर दिया। यह सुनते ही मैं रो पड़ी। जिस इंसान को मैंने इतने गंदे शब्द कहे, उन्होंने ही मुझे माफ कर दिया। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। उन्होंने मुझे एक तरह से नई जिंदगी दी है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में स्वीकार किया था कि जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान उन्हें और उनकी दिवंगत मां को निशाना बनाकर बेहद गंदी भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इसके बावजूद पीएम मोदी ने कहा कि बच्चों से गलतियां हो जाती हैं। उन्हें अदालती चक्करों और सामाजिक प्रताड़ना में फंसाने के बजाय सही मार्गदर्शन मिलना चाहिए ताकि वे अपनी गलतियों से सीख सकें।

फोन नंबर लीक हुआ, रेप और जान से मारने की धमकियां

एक तरफ जहां पीएम मोदी ने बड़प्पन दिखाते हुए मामला खत्म करने का संदेश दिया है, वहीं दूसरी तरफ छात्रा की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। लड़की ने आरोप लगाया कि किसी ने उसका पर्सनल मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर लीक कर दिया है।

लड़की ने बताया,

"मुझे अंजान नंबरों से फोन आ रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि जहां देख लेंगे वहीं नाले में फेंक देंगे और गंदा काम करेंगे। इसके अलावा पुलिस केस भी बंद नहीं हुआ है। पुलिस कल शाम भी मेरे घर आई थी और आज भी आई थी। पुलिस मुझे ऐसे ढूंढ रही है जैसे मैंने कोई बहुत बड़ा अपराध कर दिया हो। मैं यह सब डर अब और नहीं झेल सकती।"

पुलिस एक्शन और केस पर वह कहती हैं,

"केस वापस नहीं लिया गया है। पुलिस आज भी मेरे घर आई थी और कल शाम भी आई थी। पुलिस मुझे हर जगह ऐसे ढूंढ रही है जैसे मैंने कोई जुर्म किया हो। मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने (PM मोदी) मुझे माफ कर दिया है। प्लीज, मैं यह सब अब और बर्दाश्त नहीं कर पाऊंगी।"

रुचिका की मां बोली- सोशल मीडिया लगना चाहिए बैन

लड़की की मां ने कहा, "प्रधानमंत्री जी ने मेरी बेटी को नया जीवन दिया है।" उन्होंने सरकार से दर्ज एफआईआर (FIR) को पूरी तरह वापस लेने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सख्त नियम या पूरी तरह बैन लगाया जाए ताकि कोई दूसरा बच्चा इस तरह भड़काया न जा सके।

मामले की शुरुआत नोएडा में दर्ज एक जीरो एफआईआर (Zero FIR) से हुई थी, जिसे बाद में जांच के लिए दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया, क्योंकि घटना जंतर-मंतर की थी। दिल्ली पुलिस ने वीडियो के संबंध में एफआईआर दर्ज कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' को इसे हटाने का नोटिस भेजा था।