By Oneindia Staff
Published: Friday, September 18, 2026, 13:52 [IST]
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर दिल्ली में 'आशीर्वाद का दीया' अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कर्तव्यपथ पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
इस दौरान दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद बाँसुरी स्वराज और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल समेत कई लोग मौजूद रहे। कर्तव्यपथ पर करीब सवा लाख दीये जलाए गए, जिससे पूरा इलाका रोशनी से जगमगा उठा।
स्कूलों में बच्चों ने बनाए मिट्टी के दीये
दिल्ली के शिक्षा मंत्री और जनकपुरी से विधायक आशीष सूद ने भी अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने सरोजिनी नगर स्थित सीएम श्री स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ दीये जलाए। बच्चों और शिक्षकों ने खुद मिट्टी के दीये तैयार किए।
इसके बाद प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना की। आशीष सूद ने जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के पंखा रोड पर स्थानीय लोगों के साथ भी 'आशीर्वाद का दीया' जलाया।
मुख्यमंत्री ने 108 कुंडीय यज्ञ में लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अलीपुर स्थित श्री खाटू श्याम दिल्ली धाम में हुए 108 कुंडीय यज्ञ में भी भाग लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और लगातार राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा समर्पण, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र निर्माण की प्रेरक कहानी है। उन्होंने जनसेवा और देशसेवा को हमेशा सबसे ऊपर रखा है।"
ताहिरपुर में 2,000 दीपों से सजा कुष्ठ परिसर
ताहिरपुर स्थित कुष्ठ परिसर में समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह और सांसद मनोज तिवारी ने लोगों के साथ मिलकर 2,000 दीप जलाए। यहां प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन की शुभकामनाओं से सजी फूलों की रंगोली को भी दीयों से रोशन किया गया। मंत्री ने परिसर में रहने वाले कुष्ठ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी जरूरतों की जानकारी ली और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने विकासपुरी में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित किया।
श्रमिकों को साइकिल देकर जताया सम्मान
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में श्रमिकों, सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और मोची समाज के लोगों को साइकिलें बांटीं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा श्रमिकों के सम्मान और स्वाभिमान को प्राथमिकता दी है। देश की तरक्की में मेहनतकश लोगों की भूमिका बेहद अहम है।"