शेयर बाजार में इस हफ्ते भी जारी रहेगी तेजी या मार्केट में फिर से दिखेगी बिकवाली? ये फैक्टर्स हैं महत्वपूर्ण
Aug 02, 2026 02:19 pm ISTभाषा
मुख्य बातें
- Stock Market outlook: इस हफ्ते रिजर्व बैंक की मीटिंग के साथ-साथ कच्चे तेल के दाम से शेयर बाजार की रफ्तार प्रभावित होगी
- FPI पर भी निवेशकों की नजर रहेगी

शेयर बाजार में पिछले हफ्ते तेजी देखने को मिली थी।
Stock Market outlook: स्थानीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के ब्याज दर संबंधी निर्णय, पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से तय होगी। एक्सपर्ट्स के अनुसार, इसके अलावा निवेशक कंपनियों के तिमाही नतीजों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर भी नजर रखेंगे।
क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट(रिसर्च) अजित मिश्रा ने कहा, ‘इस सप्ताह विभिन्न गतिविधियां होनी है, जिसमें तीन से पांच अगस्त के बीच होने वाली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक महत्वपूर्ण है। साथ ही, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजों का दौर जारी है, जिसमें कई बड़ी और मझोली कंपनियां अपने परिणाम घोषित करेंगी।’ उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका-ईरान तनाव और प्रमुख समुद्री मार्गों से कच्चे तेल की आपूर्ति की स्थिति भी बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर. ने कहा, ‘निवेशकों का ध्यान इस सप्ताह पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर रहेगा। अमेरिका-ईरान तनाव के किसी भी तरह बढ़ने से इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक निवेशक धारणा पर पड़ेगा।’
FPI की जुलाई में हुई वापसी
आंकड़ों के अनुसार, लगातार चार महीनों तक बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों ने जुलाई में भारतीय शेयर बाजार में वापसी की और 20,200 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। यह निवेश आकर्षक मूल्यांकन, बेहतर कॉरपोरेट नतीजों और वैश्विक परिस्थितियों में सुधार के चलते आया।
किन कंपनियों के आने वाले हैं नतीजे
इस सप्ताह डीएलएफ, भारती एयरटेल, ओएनजीसी, हीरो मोटोकॉर्प, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और भारतीय स्टेट बैंक जैसी कंपनियों के परिणाम जारी होने वाले हैं।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज सिद्धार्थ खेमका ने कहा, 'मजबूत घरेलू आर्थिक संकेतकों और बेहतर तिमाही नतीजों के बल पर भारतीय शेयर बाजार में सकारात्मक रुख बना रह सकता है। निवेशक आरबीआई के नीतिगत फैसले, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई आंकड़ों के साथ-साथ कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर नजर रखेंगे।'
पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,034.87 अंक यानी 2.67 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई का निफ्टी 616.15 अंक यानी 2.59 प्रतिशत मजबूत हुआ।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयक बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
लेखक के बारे में
Tarun Pratap Singh
तरुण प्रताप सिंह, लाइव हिन्दुस्तान के साथ अक्टूबर 2020 से कार्यरत हैं। मौजूदा समय में बिजनेस टीम का हिस्सा हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, कमोडिटी मार्केट, सरकारी योजनाओं पर खबर पर लिखने के साथ-साथ आईपीओ पर वीडियो इंटरव्यू की भी जिम्मेदारी सम्भालते हैं। लाइव हिन्दुस्तान की वीडियो टीम के लिए 2022 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में टीम लीड करते हुए 200 विधानसभा सीट में ग्राउंड रिपोर्टिंग, इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरीज कर चुके हैं। श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह, 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उत्तर प्रदेश में ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है। साल 2025 में प्रयागराज में सम्पन्न हुए महाकुंभ में 40 दिन से अधिक दिन तक कुंभ नगरी में रहकर अनेकों वीडियो इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरिज किए थे।
शिक्षा
बी.ए (ऑनर्स) और एम.ए की पढ़ाई काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी से पूरा किया है। भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है।
अनुभव -
HT का हिस्सा बनने से पहले स्वतंत्र तौर पर 2019 में लोकसभा चुनाव, 2019 में हरियाणा विधानसभा, 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव और 2020 में दिल्ली दंगा की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव प्राप्त है। श्री राम मंदिर भूमि पूजन (साल 2020) के दौरान भी बतौर स्वतंत्र पत्रकार अपनी सेवाएं दिए हैं।
दैनिक जागरण के एक स्पेशल कार्यक्रम के तहत वाराणसी में दो अलग-अलग साल में 100-100 बच्चों को संसदीय कार्यप्रणाली की 15 दिनों की ट्रेनिंग भी देने का अनुभव प्राप्त है।
विशेषताएं -
वीडियो रिपोर्टिंग में दक्षता हासिल है। कई इंटरव्यू और ग्राउंड ओपनियन वीडियो नेशनल लेवल पर विमर्श का केंद्र बने हैं। बिजनेस और राजनीति के अलावा क्रिकेट, धर्म और साहित्य पर लिखना-पढ़ना पसंद है।
