शैलजा का तीखा वार, सुनने के बजाय मुकदमे दर्ज कर रही सरकार

Published on 16 अग॰ 2026

शैलजा का तीखा वार, सुनने के बजाय मुकदमे दर्ज कर रही सरकार

August 16, 2026

शैलजा का तीखा वार, सुनने के बजाय मुकदमे दर्ज कर रही सरकार

Shailaja’s sharp attack on the government : करनाल। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने करनाल के घरौंडा दौरे के दौरान राज्य की कानून व्यवस्था, पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता और युवाओं के मुद्दों को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। रोमिल संधू को पार्टी में अहम पद दिए जाने पर बधाई देने पहुंचीं शैलजा ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार आम जनता की शिकायतों का समाधान बातचीत से करने की बजाय उन पर केस दर्ज कर रही है।

​हांसी और अंबाला घटनाक्रम पर उठाए सवाल

मीडिया से बातचीत करते हुए शैलजा ने हांसी और अंबाला में हुए हालिया विवादों पर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने हांसी मामले पर कहा जब किसी गरीब व्यक्ति की हत्या होती है और परिवार न्याय की मांग करता है, तो सरकार को अपराधियों को पकड़ना चाहिए। लेकिन यहां मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब लोग न्याय मांगने पहुंचे तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर ही कार्रवाई कर दी। ​अंबाला वाले मामले पर कहा एक तरफ सरकार बातचीत का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ उनपर आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया। स्कूल और गुरुद्वारा परिसर के पास आंसू गैस के इस्तेमाल पर भी उन्होंने कड़ा ऐतराज जताया।

​एनकाउंटर और पुलिस-प्रशासन की खींचतान पर घेरा

शैलजा ने आरोप लगाया कि राज्य के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल पूरी तरह खत्म हो चुका है। करनाल में वाल्मीकि समाज के युवक बीरू की हत्या और उसके बाद हुए एनकाउंटर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब सत्ता पक्ष के अपने ही विधायक पुलिस एनकाउंटर पर सवाल उठा रहे हों, तो इससे साफ होता है कि पुलिस की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा डगमगा चुका है। संसद में विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए सैलजा ने कहा कि आज का युवा (जेन-जी) सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूक है। जब युवा रोजगार और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल पूछता है, तो सरकार को जवाब देना चाहिए न कि युवाओं से डरना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि विपक्ष को संसद में बोलने का मौका नहीं दिया जाएगा या उनके माइक बंद किए जाएंगे, तो कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनकी लड़ाई लड़ेगी।

​भाजपा-आरएसएस की अंदरूनी कलह पर तंज

भाजपा और आरएसएस पर चुनाव के समय धर्म व जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए शैलजा ने कहा कि अब भाजपा के भीतर से ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। वरिष्ठ नेता राव इंद्रजीत सिंह द्वारा सार्वजनिक मंच से अपनी ही पार्टी की जातीय राजनीति पर सवाल उठाने का हवाला देते हुए सैलजा ने कहा कि यह इस बात का प्रत्यक्ष संकेत है कि भाजपा के अंदर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।