कांवड़ यात्रा रोकने पर भड़के छात्र, पुलिस से धक्का-मुक्की हुई: छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर पवित्र जल लाए; विधानसभा के पास मंदिर में चढ़ाना था - Jaipur News

Published on 21 अग॰ 2026

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। जयपुर में शुक्रवार को छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के नेता कमल चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स कांवड़ या

.

यात्रा को विधानसभा के पास विद्युतेश्वर महादेव मंदिर जाना था। छात्रों के हाथों में कांवड़ थी और वह छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और छात्रों में धक्का-मुक्की हो गई।

झड़प के दौरान कुछ कांवड़ियों के पास रखा पवित्र जल सड़क पर गिर गया। इसे लेकर छात्रों ने नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन पर कांवड़ यात्रा में बाधा डालने का आरोप लगाया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने छात्रों को समझाया। इसके बाद 5 छात्रों को मंदिर ले जाकर भगवान शिव को जल अर्पित कराया।

स्टैचू सर्किल पर छात्रों की पुलिस से हल्की झड़प हो गई।

स्टैचू सर्किल पर छात्रों की पुलिस से हल्की झड़प हो गई।

गलता जी से कांवड़ लेकर निकले थे छात्र

छात्र नेता कमल चौधरी ने बताया- छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है। प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई।

कमल चौधरी ने बताया- सावन के पवित्र महीने में छात्रों ने आंदोलन को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए गलता जी से जल भरा, जिसे विद्युतेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित करने का निर्णय लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र कांवड़ लेकर विधानसभा की तरफ रवाना हुए।

स्टैच्यू सर्किल पर पुलिस ने रोका

कमल चौधरी ने आरोप लगाया कि कांवड़ यात्रा जब स्टैच्यू सर्किल पहुंची तो पुलिस प्रशासन ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्रों के साथ बदसलूकी की। इसके बाद छात्र अंबेडकर सर्किल की तरफ बढ़े। यहां भी पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों को रोकने का प्रयास किया।

आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान कुछ कांवड़ियों के पास रखा पवित्र जल सड़क पर गिर गया। इसे लेकर छात्रों ने नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि बाद में स्थिति शांत हो गई।

राजस्थान में बंद छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्र महादेव की पूजा अर्चना करना चाहते थे।

राजस्थान में बंद छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्र महादेव की पूजा अर्चना करना चाहते थे।

पुलिस पर हल्का बल प्रयोग करने का भी आरोप

कमल चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया। छात्र किसी तरह का विवाद नहीं चाहते थे और केवल कांवड़ में लाए गए जल को भगवान भोलेनाथ को अर्पित करना चाहते थे।

छात्रों ने पुलिस प्रशासन से मंदिर तक जाने की अनुमति देने की मांग की। काफी देर तक बातचीत और विरोध के बाद पुलिस प्रशासन पांच छात्रों को विद्युतेश्वर महादेव मंदिर ले जाने के लिए तैयार हुआ।

5 छात्रों ने महादेव को चढ़ाया जल

इसके बाद 5 छात्र विद्युतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ को कांवड़ का जल अर्पित किया। छात्रों ने भगवान शिव से प्रदेश सरकार को सद्बुद्धि देने और राजस्थान में बंद छात्रसंघ चुनावों को दोबारा बहाल कराने की प्रार्थना की।

छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों में छात्रों की लोकतांत्रिक भागीदारी का माध्यम है। उनका आरोप है कि चुनाव बंद होने से छात्रों की आवाज को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है।

दोनों प्रमुख पार्टियों ने छात्रों की मांग नहीं मानी

छात्र नेता कमल चौधरी ने कहा- छात्र पिछले लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी प्रदेश की दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने छात्रों की जायज मांग को पूरा नहीं किया। छात्र आंदोलन को लगातार अलग-अलग तरीकों से आगे बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में सावन के महीने में कांवड़ यात्रा निकाली गई।