नाजुक दिल; 'बिहारी-कश्मीरी' विवाद के बीच समय रैना के सपोर्ट में शहजाद पूनावाला
Aug 29, 2026 11:38 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Shahzad Poonawala supports Samay Raina: बिहारी-कश्मीरी विवाद के बीच शहजाद पूनावाला ने समय रैना का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि समय के केवल उसके बोलने के तरीके से नहीं बल्कि उसके संवदेनशील दिल के लिए भी सराहना मिलना चाहिए।

समय रैना के सपोर्ट में उतरे शहजाद पूनावाला
Shahzad Poonawala supports Samay Raina: कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर से 'बिहारी-कश्मीरी' बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। भाजपा नेता और विधायक राम कदम ने उनकी आलोचना भी की है। लेकिन अब समय को पूर्व भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला का समर्थन मिला है। उन्होंने समय के बयान के लेकर जारी विवाद के बीच उनका समर्थन करते हुए उन्हें एक नाजुक दिल वाला बेहतर इंसान बताया है। भाजपा से इस्तीफा देने की वजह से चर्चा में रहे शहजाद पूनावाला ने कहा कि लोग समय रैना को उसके मजाक या वायरल पलों की वजह से जज करते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए।
लेटेंट शो में बिहारी और कश्मीरी पंडितों को लेकर कमेंट करके विवादों में आए समय रैना की शहजाद पूनावाला ने प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, " लोग अक्सर समय रैना को उनकी भाषा, उनके मजाक या उनके वायरल होने वाले जवाबों के पलों के लिए जज करते हैं। लेकिन मैं लोगों को तब जज करना पसंद करता हूं जब कोई उनसे यह साबित करने के लिए नहीं कह रहा होता कि वे किस तरह के इंसान हैं। मैं समय के पिता को जानता हूँ और समय ने अपने माता-पिता के प्रति जो प्यार, जिम्मेदारी और समर्पण दिखाया है, उसे देखकर मुझे उनके बारे में किसी भी क्लिप की तुलना में कहीं ज्यादा पता चलता है।"
इसके बाद पूनावाला ने समय के शो लेटेंट के हालिया एपिसोड़ का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे उसने एक लड़की की मदद करने के लिए अपने मन के मुताबिक उसे केवल पांच नंबर दिए, जिससे उसका औसत बेहतर हो जाए। वह वहां भी किसी की मदद करने के बारे में ही सोच रहा था।
समय रैना की बेबाकी के पीछे एक नाजुक दिल- शहजाद पूनावाला
पूर्व भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सभी लोग समय की बेबाकी पर ज्यादा ध्यान देते हैं। लेकिन इसके पीछे एक नाजुक दिल भी है। उन्होंने कहा, "समय हमें याद दिलाते हैं कि कभी-कभी आपके जीने के तरीके में आपके संस्कार ज्यादा बेहतर ढंग से दिखते हैं, न कि आपके बोलने के तरीके में। शायद वह अपने नाम की तरह ही सबसे अच्छी याद दिलाने वाले हैं। समय बदलता रहता है। बुरा समय हमेशा नहीं रहता। अच्छा समय भी खत्म हो सकता है। अच्छे और विनम्र बने रहें।"
समय रैना का बिहारी-कश्मीरी वाला विवाद
इंडियाज गॉट लेटेंट शो में समय रैना ने बिहार के लोगों को और कश्मीरी पंडितों को लेकर कुछ टिप्पणियां की हैं, जिन्हें लेकर लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है। शो में स्टैंड अप कॉमेडियन शैरन वर्मा गेस्ट के तौर पर आई थीं। इस दौरान समय ने उनका परिचय कराते हुए कहा कि 'वह इतनी बिहारी हैं कि सोचती हैं कि 'ईबोला' का मतलब ही है कि किसी ने किसी से कुछ कहा।' इसका जवाब देते हुए शैरन कहती हैं कि 'समय इतना कश्मीरी है कि उसे खुद पर पत्थर फेंका जाना पसंद है।'
इसके बाद दोनों नहीं रुकते समय कहते हैं कि 'शैरन वर्मा इतनी बिहारी हैं कि वह नौकरी की तलाश में अपना राज्य छोड़कर मुंबई आ गईं। यह पूरी तरह से एक बिहारियों वाला ऐक्शन है।' इसका जवाब देते हुए शैरन कहती हैं कि 'मैंने कम से कम अपनी मर्जी से तो अपना घर छोड़ा है।' दरअसल, समय रैना कश्मीरी पंडित हैं, ऐसे में शैरन का तंज उनके कश्मीर से होने और वहां से भगाए जाने को लेकर था।
भाजपा विधायक राम कदम ने साधा निशाना
इस एपिसोड के सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक टीका टिप्पणी भी शुरू हो गई। महाराष्ट्र से भाजपा विधायक राम कदम ने समय के इन बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि किसी भी चीज पर टिप्पणी करके पब्लिसिटी लेना आज के समाज की फितरत बन चुकी है। उनका एक मात्र मकसद मशहूर होना है। फिर इसके लिए चाहें कुछ भी क्यों न कहना पड़े। लोगों को यह समझना होगा कि वह सनातन हिंदू देवी-देवताओं और कश्मीरी पंड़ितों के हालात पर मजाक नहीं बना सकते।
हालांकि, राम कदम के बाद जम्मू- कश्मीर भाजपा नेता राकेश कौल ने न्यूट्रल स्टैंड लिया। उन्होंने कहा कि कॉमेडियन के शब्दों के नकारात्मक और सकारात्मक दोनों अर्थ निकाले जा सकते हैं ऐसे में उन पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है।