बहोड़ापुर चौराहे से सागरताल चौराहे तक सीवर कार्य के चलते 2 साल से खुदी पड़ी है एक तरफ की रोड।
.
बारिश में गड्ढों और जलभराव से जूझने वाले शहर को राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार की ‘द्वारका नगरी योजना’ में ग्वालियर के लिए ₹286.91 करोड़ के काम प्रस्तावित हैं। 155 करोड़ से शहर की 28 प्रमुख सड़कें बनेंगी। वहीं 113.14 करोड़ से नालों, सीवर और एसटीपी के काम भी होंगे। 14 सड़कें ग्वालियर पूर्व की हैं।
ग्वालियर विधानसभा में 8 और दक्षिण में 6 सड़कों को संवारा जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख अभियंता प्रदीप एस. मिश्रा ने ग्वालियर निगम से कामों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मांगी है। निगम का दावा है कि टेंडर और तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर ली है। पैसा मिलते ही ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर देकर निर्माण शुरू कराया जाएगा। नाले, सीवर और एसटीपी के ₹113.41 करोड़ का प्रावधान है। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी का कहना है कि योजना की स्वीकृति आ चुकी है। बारिश बाद काम शुरू करवाएंगे।
जानिए...किस विधानसभा में कितनी सड़कें बनेंगी ग्वालियर पूर्व: 14 सड़कें - एसपी ऑफिस-सिल्वर स्टेट तिराहा (1200 मी.) ₹5.84 करोड़, मानसिंह चौराहा (750 मी.) ₹3.50 करोड़, टाइगर चौक-दाने बाबा चौराहा (620 मी.) ₹5.32 करोड़, भिंड रोड-सेंट्रल एकेडमी (450 मी.) ₹2.07 करोड़, भिंड रोड-कृष्णा कॉम्प्लेक्स (1030 मी.) ₹1.36 करोड़, दाने बाबा-मुक्तिधाम श्रीराम वाटिका (820 मी.) ₹2.29 करोड़, सिंधिया स्टेच्यू-टाइगर चौक (705 मी.) ₹5.51 करोड़, जड़ेरूआ एक्सटेंशन-सूखा की कोठी (700 मी.) ₹1.71 करोड़, गंगा विहार तिराहा-दाने बाबा (570 मी.) ₹1.09 करोड़, मंडी के पिछले गेट-आस्तिकदेव नगर चौराहा (600 मी.) ₹3.98 करोड़, दंडोतिया मार्केट-बीपी सिटी (1500 मी.) ₹4.38 करोड़, बीपी सिटी-जड़ेरूआ बांध (880 मी.) ₹3.40 करोड़ और ब्लू लोटस मेन गेट-पानी की टंकी (700 मी.) ₹3.15 करोड़।
ग्वालियर: 8 सड़कें - हजीरा चौराहे से बिरला नगर पुल तक 1100 मीटर सड़क बनाने में ₹11 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा हजीरा चौराहा-चार शहर का नाका ₹2.40 करोड़, पप्पू राय जिम-सरमन पुलिया ₹3.50 करोड़, तानसेन नगर एलआईसी पुलिया-रमटापुरा ₹4.82 करोड़, लधेड़ी सती विहार-जलालपुर चौराहा ₹3.50 करोड़, नहर वाले हनुमान-प्रभात राय मूर्तिकार ₹4.70 करोड़ सहित अन्य सड़क बनेंगी।
ग्वा. दक्षिण: 6 सड़कें - कंपू थाना-गुड़ा गुड़ी का नाका ₹2.51 करोड़, हेमू कॉलोनी चौक-खासगी चौराहा ₹1.46 करोड़, जनहित स्कूल-12 बीघा पुलिया ₹3.16 करोड़, माधौगंज थाना-हेमसिंह की परेड ₹1.75 करोड़, महाराज बाड़ा-सराफा बाजार-गश्त का ताजिया ₹1.89 करोड़ और लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम मुख्य मार्ग ₹1.47 करोड़ में प्रस्तावित है।
इन शर्तों पर खरा उतरने के बाद जारी होगा फंड सरकार ने साफ किया है कि केवल सड़क पर डामर बिछाने वाले प्रस्तावों को फंड नहीं मिलेगा। सड़क के साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट और रोड सेफ्टी का इंतजाम भी करना होगा। जहां पानी, सीवर या नाले की लाइन का काम बाकी है, उसे भी सड़क निर्माण के साथ पूरा करना होगा। मकसद है कि नई सड़क बनने के बाद पाइपलाइन या सीवर के नाम पर उसे दोबारा न खोदना पड़े। इन शर्तों पर खरी उतरने वाली डीपीआर के आधार पर ही सरकार राशि जारी करेगी।