बरवाला में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति कैलाश की हत्या के मामले में हिसार पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई करते हुए CIA मिलगेट हिसार की टीम ने आरोपी दीपचंद
.
इस मामले में थाना बरवाला पुलिस पहले ही दीपक निवासी भूना तथा मृतक की पत्नी राधा रानी निवासी गांव नियाणा को गिरफ्तार कर चुकी है।
बरवाला बाइपास पर मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को बरवाला बाइपास पर सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। बाद में शव की पहचान कैलाश पुत्र रामकिशन निवासी गांव नियाणा, जिला हिसार के रूप में हुई।
मृतक के भाई सुनील की शिकायत पर थाना बरवाला में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 61(2) व 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आती गई आरोपियों की भूमिका
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया गया था। उसकी निशानदेही पर वारदात से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। जांच में मृतक की पत्नी राधा रानी की कथित संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया। राधा रानी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि दीपक को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
जांच को आगे बढ़ाते हुए CIA मिलगेट हिसार की टीम ने अब दीपचंद निवासी भूना को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
रिमांड में होगी पूछताछ, अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांचेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दीपचंद को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस मृतक का मोबाइल फोन, आरोपियों के मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के प्रयास करेगी।
इसके अलावा वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं, इस संबंध में भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी बोले- गंभीर अपराधों में हर पहलू की जांच
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए हिसार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हत्या जैसे संगीन मामलों की जांच में तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अपराध के बाद फरार होकर कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।