17 सितंबर 2026, सिवनी: सिवनी: जीआई टैग वाले जम्बो सीताफल को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की तैयारी, किसानों का हो रहा पंजीयन – एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) के तहत चयनित और जीआई टैग प्राप्त सिवनी जम्बो सीताफल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। किसानों को सीताफल का बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन में ‘सीताफल से समृद्धि’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले में सीताफल पौधों की गणना, सर्वेक्षण और उत्पादक किसानों के पंजीयन का काम किया जा रहा है, जो अब अंतिम चरण में है।
उत्पादन से मार्केटिंग तक विकसित होगी वैल्यू चेन
सिवनी जम्बो सीताफल का जीआई टैग इसकी विशिष्ट पहचान को प्रमाणित करता है। अभियान के तहत इस पहचान को किसानों की आय से जोड़ने के लिए सीताफल की पूरी मूल्य श्रृंखला विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसमें उत्पादन के साथ संग्रहण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके।
मार्केटिंग और निर्यात पर होगी जिला स्तरीय कार्यशाला
अभियान के अगले चरण में किसानों और सीताफल से जुड़े हितधारकों के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सीताफल उत्पादक किसान, विक्रेता, एफपीओ सदस्य, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमी और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। नाबार्ड, कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) सहित संबंधित संस्थाओं और विशेषज्ञों को भी जोड़ा जाएगा।
कार्यशाला में सीताफल की मार्केटिंग, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा होगी। किसानों को प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने, वित्तीय सहायता, बाजार की मांग और बड़े खरीदारों तथा निर्यात बाजारों से जुड़ने के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों, वित्तीय संस्थाओं, प्रसंस्करण उद्यमियों और बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
शेष किसान जल्द कराएं पंजीयन
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने उन सभी सीताफल उत्पादक किसानों से जल्द पंजीयन कराने की अपील की है, जिनका अभी तक सर्वेक्षण या पंजीयन नहीं हुआ है। पौधगणना और किसान पंजीयन से जिले में सीताफल उत्पादन की वास्तविक स्थिति का आंकड़ा तैयार होगा, जो भविष्य में मार्केटिंग, प्रसंस्करण और निर्यात की कार्ययोजना बनाने में उपयोगी होगा। शेष सीताफल उत्पादक किसान 9098431856 और 9713448994 पर संपर्क कर पंजीयन एवं अभियान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
‘सीताफल से समृद्धि’ अभियान के जरिए सिवनी के जीआई टैग प्राप्त जम्बो सीताफल को नए बाजारों से जोड़ने, किसानों की आय बढ़ाने और सीताफल आधारित स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की जा रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture