दिल्ली में गैंगवार की साजिश नाकाम, गोगी-दीपक बॉक्सर गैंग का कथित शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
वजीराबाद में पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग, पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली; दो पिस्टल, चार कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
वजीराबाद में पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग, पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली; दो पिस्टल, चार कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
![]()
New Update
/newsnation/media/media_files/2026/09/24/police-2-2026-09-24-16-09-16.jpg)
दिल्ली पुलिस के नॉर्थ जिले की ऑपरेशंस सेल ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए Gogi-Deepak Boxer Gang के कथित शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 31 वर्षीय मोहित उर्फ KD, निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली में एक गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से आया था.
नॉर्थ जिले की DCP निहारिका भट्ट के मुताबिक, पुलिस टीम को आरोपी के वजीराबाद इलाके में पहुंचने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर STF और एंटी-नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने 23 और 24 सितंबर की दरम्यानी रात वजीराबाद इलाके में इंटरसेप्शन लगाया.
DCP निहारिका भट्ट ने बताया कि करीब 1:40 बजे आरोपी मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी. आरोपी ने दो राउंड फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस टीम ने तीन राउंड फायर किए. इस दौरान आरोपी की एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, लेकिन जैकेट की वजह से पुलिसकर्मी सुरक्षित रहा. इसके बाद आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया.
हत्या की साजिश के लिए दिल्ली आया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि मोहित का कथित तौर पर Gogi-Deepak Boxer Gang से संबंध है और वह गैंग के लिए शूटर के तौर पर काम करता था. पुलिस का दावा है कि मोहित कथित तौर पर Tillu Tajpuriya Gang से जुड़े एक व्यक्ति की हत्या करने के इरादे से दिल्ली आया था. उसे वजीराबाद इलाके में एक अन्य व्यक्ति से मिलना था, जो कथित तौर पर टारगेट के ठिकाने और उसकी दिनचर्या के बारे में जानकारी रखता था. जांच के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर टारगेट के पास जाने की योजना बना रहे थे. पुलिस के अनुसार टारगेट के सुबह की सैर के लिए बाहर निकलने के दौरान वारदात को अंजाम देने की योजना थी.
दो पिस्टल, चार कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस के मुताबिक मोटरसाइकिल इंद्रपुरी थाने में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी है. मोहित उर्फ KD के खिलाफ हरियाणा के गन्नौर थाने में वर्ष 2023 में दो आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. इनमें गैर इरादतन हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और आगजनी से नुकसान पहुंचाने जैसी धाराएं शामिल हैं.
वजीराबाद थाने में मामला दर्ज
बरामद हथियार और कारतूसों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. मामले में FIR नंबर 444/2026, धारा 221/132/109(1) BNS और 25/27 Arms Act के तहत थाना वजीराबाद में केस दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है. DCP निहारिका भट्ट के मुताबिक, पुलिस अब आरोपी के गैंग कनेक्शन, उसके साथियों और दिल्ली में प्रस्तावित वारदात से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें