गजब! जिस गाड़ी में डिटेन किया, उसकी चाबी ही ले गए प्रदर्शनकारी छात्र...पटना में अनोखा प्रदर्शन

Published on 13 अक्टू॰ 2026

बिहार की राजधानी पटना में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को निकाले गए लोकभवन मार्च के दौरान जमकर हंगामा हुआ. लेफ्ट संगठनों के आह्वान पर गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से शुरू हुए इस मार्च में NSUI, AISA, AISF और RYA समेत कई छात्र संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की.

प्रदर्शनकारी जब जेपी गोलंबर पहुंचा, तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार करने लगे, जिसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई. हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल, छह वज्रवाहन और वाटर कैनन तैनात किए थे.

गाड़ी की चाबी लेकर भागा प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया. इसी बीच एक हैरान करने वाला घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, पुलिस की जिस गाड़ी में 10 छात्रों को हिरासत में रखा गया था, उसी वाहन की चाबी लेकर एक प्रदर्शनकारी भाग निकला. इसके बाद पुलिस वाहन वहीं खड़ा रह गया. घटना के दौरान पुलिस प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने में जुटी थी.

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के लगे नारे

प्रदर्शनकारी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगा रहे थे. उनका आरोप था कि SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल हैं. प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की.

NSUI की प्रदेश उपाध्यक्ष भाग्य भारती ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया. वहीं, भाकपा माले के पालीगंज विधायक संदीप सौरभ भी मार्च में शामिल हुए और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए.

मोहित पंडित

मोहित पंडित

मोहित पंडित ने साल 2004 से अपनी पत्रकारिता की शुरुआत की. नई बात, सन्मार्ग, सोनभद्र जैसे अखबारों में वे अपनी सेवा दे चुके हैं. वे सीमांचल के समाचारों को सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और स्थानीय घटनाओं को उच्च स्तर पर रिपोर्ट करने में निपुण हैं. उनकी लेखनी में संवेदनशीलता और नैतिकता झलकती है.

Read More

google button