- Hindi News
- Local
- Chhattisgarh
- Bilaspur
- Korba Suicide Case | High Court Convicts Youth For Abetting Womans Death
शादी के दबाव से परेशान युवती ने लगाई फांसी:हाईकोर्ट बोला-आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा, निचली-अदालत के फैसले को बदला; युवक दोषी करार
बिलासपुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कोरबा में युवती के सुसाइड केस पर हाईकोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस एनके ब्यास ने कहा कि आरोपी की लगातार प्रताड़ना के कारण युवती के पास आत्महत्या जैसा कदम उठाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था। इसी वजह से उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
हाईकोर्ट ने 7 साल पुराने मामले में निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए आरोपी युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी करार दिया है। कोर्ट ने माना कि आरोपी ने एकतरफा प्यार में युवती पर शादी का दबाव बनाया, लगातार उसका पीछा किया, धमकियां दीं और प्रताड़ित किया। जिससे तंग आकर युवती ने आत्महत्या कर ली।

2018 में फांसी पर लटका मिला था शव
दरअसल, कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती 29 जनवरी 2018 की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गई थी। अगले दिन सुबह उसकी मां रुकनी बाई ने दरवाजा खोला तो बेटी का शव स्कार्फ के फंदे से पाइप पर लटका मिला।
जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट और मोबाइल मिला। मां की शिकायत पर पुलिस ने मो. सेराज के खिलाफ मामला दर्ज किया।
शादी का दबाव बनाता और जान से मारने की धमकी देता था
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में चार्जशीट पेश की। ट्रायल के दौरान सामने आया कि मो. सेराज युवती से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था।
युवती के इनकार करने पर वह उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी देता था।

पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश
प्रताड़ना से परेशान होकर मई 2017 में युवती ने अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की थी। उसका अस्पताल में इलाज कराया गया था। इसी दौरान मानसिक तनाव से परेशान होकर उसकी मां ने भी नींद की गोलियां खा ली थीं।
गांव के सरपंच, पंच और पुलिस की समझाइश के बावजूद आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं।
निचली अदालत ने सबूतों के अभाव में किया था बरी
कोरबा के सत्र न्यायालय ने जनवरी 2019 में आरोपी को बरी कर दिया था। अदालत का कहना था कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की एक्सपर्ट से जांच नहीं कराई गई और आत्महत्या के लिए सीधे तौर पर उकसाने के पर्याप्त सबूत नहीं हैं।

हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटा
इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि निचली अदालत ने मृतका की मां की गवाही को केवल इसलिए नजरअंदाज कर दिया, क्योंकि किसी स्वतंत्र गवाह ने उसका समर्थन नहीं किया।
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि किसी मामले में साक्ष्यों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता महत्वपूर्ण होती है। अदालत ने कहा कि जब प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के मजबूत मौखिक और मेडिकल साक्ष्य मौजूद हों, तब हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की राय का अभाव मामले को कमजोर नहीं बनाता।
27 जुलाई को होगी सजा पर सुनवाई
हाईकोर्ट ने मो. सेराज को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी ठहराया है। सजा तय करने के लिए 27 जुलाई की तारीख निर्धारित की गई है। उस दिन आरोपी या उसके वकील को अदालत में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है।
…………………..
हाईकोर्ट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
12 साल की बच्ची से बंधक बनाकर रेप: लड़की को घर में पनाह दी थी, पत्नी ने कोर्ट को गुमराह किया; हाईकोर्ट ने मांगी रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में 12 साल की बच्ची को बंधक बनाकर जीजा ने उसके साथ रेप किया। मामले में पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार किया है। इस बीच, नाबालिग की मुंहबोली बहन ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर दावा किया था कि उसकी बहन और 9 साल के भाई को अवैध रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन में रखा गया है। पढ़ें पूरी खबर…
.
खबरें और भी हैं...
शैलेष पांडेय बोले- अमर अग्रवाल इस्तीफा देकर नया जनादेश लें: बिलासपुर में कहा- शहर की समस्याओं पर मौन, विधानसभा में एक भी सवाल नहीं पूछा
1:35- कॉपी लिंक
शेयर
बिलासपुर सेंट्रल यूनिवर्सिटी की BA-LLB छठवें सेमेस्टर की परीक्षा रद्द: पेपर लीक के बाद बड़ा एक्शन, 27 जुलाई से दोबारा होगी परीक्षा; देखें नया टाइम टेबल
1:43- कॉपी लिंक
शेयर
बिलासपुर में 14000 लीटर दवा और खाद जब्त: होटल के कमरे में छिपाकर रखी थी खाद-कीटनाशक, कृषि विभाग ने दी दबिश

- कॉपी लिंक
शेयर
अब बिलासपुर में होगी फेफड़ों की जटिल सर्जरी: सिम्स में पहली बार फेफड़े में पानी भरने की टीबी का आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन

- कॉपी लिंक
शेयर